-35 लाख रुपये की लागत से लगाई जा रही ट्रैफिक लाइट, जाम से मिलेगी निजात
फोटो 28- सोनीपत के गोहाना के आंबेडकर चौक पर ट्रैफिक लाइट के लिए लगाए गए पोल। संवाद
संवाद न्यूज एजेंसी
गोहाना। यातायात को नियंत्रित करने व शहर में लगने वाले जाम से निजात के लिए गोहाना में चार जगह पर ट्रैफिक लाइट लगाने का काम शुरू कर दिया गया है। नगर परिषद की तरफ से 35 लाख रुपये की लागत से ट्रैफिक लाइट लगाई जा रही हैं। ट्रैफिक लाइट लगने से विभिन्न चौक-चौराहों पर रोजाना लगने वाले जाम से लोगों को छुटकारा मिल सकेगा।
नगर परिषद की तरफ से आंबेडकर चौक, परशुराम चौक, छोटूराम चौक व रोहतक रोड स्थित सेक्टर-7 मोड़ पर ट्रैफिक लाइट लगाई जा रही है। ट्रैफिक लाइट लगने के बाद शहर की यातायात व्यवस्था पटरी पर आएगी। विभिन्न चौकों पर जाम की स्थित बनी रहती है। इतना ही नहीं कई बार तो हादसे भी हो चुके हैं। यातायात व्यवस्था को बेहतर करने के लिए चार जगह को चिह्नित किया गया था। अब इन पर ट्रैफिक लाइट लगाने का काम शुरू कर दिया गया है।
जल्द लगाए जाएंगे सीसीटीवी
शहर में भीड़ वाली जगहों व चौकों पर सीसीटीवी लगाने को लेकर नप ने योजना बनाई है। इसके लिए भी जगह चुनी गई है। शहर को स्मार्ट सिटी बनाने को लेकर नप लगातार बेहतर कदम उठा रही है। जल्द ही शहर वासी सीसीटीवी की निगरानी में होंगे।
वर्जन
शहर को जाम मुक्त करने के लिए चार जगहों पर ट्रैफिक लाइट लगाई जा रही हैं। मुख्यालय की तरफ से 35 लाख रुपये बजट जारी किया गया था। अब आचार संहिता हटने के बाद काम शुरू कर दिया गया है।
रजनी विरमानी, अध्यक्ष, नगर परिषद, गोहाना