हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (एचएसपीसीबी) ने सोनीपत प्रदूषण नियंत्रण कार्यालय के क्षेत्रीय अधिकारी (आरओ) और वैज्ञानिक सह क्षेत्र अधिकारी को अनियमितता बरतने के आरोप में निलंबित कर दिया। चेयरमैन पी राघवेंद्र राव ने आरओ पानीपत को फिलहाल सोनीपत आरओ का भी चार्ज सौंपा है।
सोनीपत आरओ भूपिंद्र सिंह चहल ने बताया कि निलंबन के आदेश मिले हैं, लेकिन उनके निलंबन के पीछे का आधार अभी तक उन्हें स्पष्ट नहीं है। उन्होंने वैज्ञानिक और फील्ड ऑफिसर मोनिका पूनिया के निलंबन की भी पुष्टि की।
एचएसपीसीबी के सूत्रों के अनुसार सदस्य सचिव, एचएसपीसीबी को प्रदूषण मानदंडों का उल्लंघन करके जिले के गन्नौर के बड़ी क्षेत्र में एचएसआईआईडीसी के औद्योगिक क्षेत्र में अवैध जींस रंगाई इकाइयों के संचालन के खिलाफ शिकायत मिली थी।
यह भी पढ़ें ः जेल में की आत्महत्या: हत्यारोपी ने फंदा लगा कर दी जान, बैडशीट से रसोई के जंगले पर लगाया फंदा
शिकायतकर्ता वरुण गुलाटी ने आरोप लगाया था कि जो इकाइयां ‘रेड कैटेगरी’ के अंतर्गत हैं, वह अनुपचारित अपशिष्ट सीधे सीवरेज में डाल रही हैं। शिकायत के बाद 23 नवंबर को बड़ी में इन अवैध जींस रंगाई इकाइयों पर छापे मारने के लिए एचएसपीसीबी और एचएसआईडीसी के अधिकारियों की एक विशेष टीम भेजी गई थी। तब पुलिस बुलाकर कार्रवाई की गई थी।
अब हरियाणा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के चेयरमैन पी राघवेंद्र राव ने वीरवार को भूपिंद्र सिंह चहल, क्षेत्रीय अधिकारी (आरओ) सोनीपत और वैज्ञानिक सह क्षेत्र अधिकारी मोनिका पूनिया को काम से निलंबित कर दिया गया है। निलंबन के दौरान दोनों अधिकारियों का मुख्यालय एचएसपीसीबी, पंचकूला में होगा। बड़ी औद्योगिक क्षेत्र में हुई अनियमितता के चलते कार्रवाई की बात कही जा रही है।
दोनों अधिकारियों पर काम में अनियमितता के आरोप हैं। साथ ही उन पर मुख्यालय को गलत जानकारी देने का भी आरोप है। उन्होंने सर्विस रूल के अनुसार आचरण नहीं किया है। जिसके चलते उन्हें निलंबित किया गया है। निलंबन के दौरान दोनों अधिकारियों का मुख्यालय एचएसपीसीबी पंचकूला रहेगा। - पी राघवेंद्र राव, चेयरमैन, हरियाणा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड