सोनीपत। उमस भरी भीषण गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल कर रखा है। गर्मी के सीजन में पहली बार 28 जून को रिकॉर्ड 1.43 करोड़ यूनिट बिजली की खपत हुई है। जिले में 10 दिन के अंदर बिजली की खपत 40 लाख यूनिट तक बढ़ चुकी है। खपत बढ़ने के साथ ही लॉइन लॉस भी बढ़ा है। इससे घंटों तक बिजली के अघोषित कट लग रहे हैं। भीषण गर्मी व अघोषित कटों ने लोगों को काफी परेशान कर दिया है। उमस भरी गर्मी से पसीना नहीं सूख रहा है। शहर में खरीदारी के लिए आने वाले लोगों को गला तर करने के लिए पानी की बोतलें खरीदनी पड़ रही है।
शहर के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी हालात ज्यादा खराब हो रहे हैं। बिजली निगम के आंकड़ों के अनुसार 19 जून को बिजली की 1.03 करोड़ यूनिट खपत हुई थी। 28 जून को सीजन में पहली बार रिकॉर्ड 1.43 करोड़ यूनिट बिजली की खपत हुई। भीषण गर्मी के बीच लोगों को पंखे-कूलर, एसी, फ्रिज आदि में काफी बिजली फूंकनी पड़ रही है। लाइन लॉस ज्यादा होने के कारण तीन दिन से लगातार बिजली के अघोषित कट लग रहे हैं। धान की रोपाई का सीजन चल रहा है। ऐसे में बिजली निगम की ओर से पर्याप्त बिजली आपूर्ति करना बिजली निगम के लिए कोई जीतने से कम नहीं है। जिस हिसाब से गर्मी बढ़ रही है, उसके चलते बिजली की खपत भी एकाएक बढ़ गई है। उधर, अधिकारी जिले के लोगों को निर्बाध रूप से बिजली की आपूर्ति देने के लिए दावे कर रहे है।
ओवरलोडिंग की वजह से हो रही ज्यादा कटौती
गर्मी में ओवरलोडिंग की समस्या से बिजली के अघोषित कट लग रहे हैं। बिजली किल्लत की वजह से औद्योगिक क्षेत्र कुंडली, राई, बड़ी व सोनीपत में उत्पादन पर भी असर पड़ने लगा है। बिजली के अघोषित कट बढ़ने के कारण लोड भी ज्यादा बढ़ गया है। दिन-रात पंखे, कूलर व एसी चलने से लोड में बढ़ोतरी हुई है। गर्मी में उपभोक्ताओं को बिजली से संबंधित कोई परेशानी न हो, इसलिए मरम्मत का कार्य भी जारी है। विभिन्न इलाकों में ट्रांसफार्मर ओवरलोड होने से बिजली के कट लगना भी शुरू हो गए हैं।
फैक्टरियों में भी पड़ा उत्पादन का असर
एक सप्ताह से गर्मी में तापमान बढ़ने के साथ बिजली की खपत बढ़ रही है। बिजली के अघोषित कट की संख्या अधिक होने से बिजली घरों पर भी लोड बढ़ रहा है। लाइन लोस अधिक होने की संभावना भी बढ़ी है। औद्योगिक क्षेत्र कुंडली, राई, बड़ी व सोनीपत में 20 हजार से ज्यादा फैक्टरियों है। बिजली किल्लत की वजह से उत्पादन कम होने लगा है। ऐसे में उद्योगपतियों को अपने उद्योग चलाने के लिए जेनरेटरों का प्रयोग करना पड़ रहा है।
-
तिथि खपत (यूनिट में)
28 जून 1.43 करोड़
27 जून 1.26 करोड़
26 जून 1.18 करोड़
25 जून 1.30 करोड़
24 जून 1.23 करोड़
23 जून 1.20 करोड़
22 जून 1.14 करोड़
21 जून 1.18 करोड़
20 जून 1.11 करोड़
19 जून 1.03 करोड़
वर्जन
भीषण गर्मी होने के चलते कई क्षेत्रों में ओवरलोड की समस्या बन जाती है, जिसके कारण अघोषित कट लगते हैं। कई ऐसी जगहों पर बिजली चोरी की सूचना पर अभियान चलाया जा रहा है। ओवरलोड से बचने के लिए नए ट्रांसफार्मर भी रखे जा रहे हैं। 28 जून को सीजन में पहली बार रिकॉर्ड 1.43 करोड़ यूनिट बिजली की खपत दर्ज की गई है।
-संदीप जैन, अधीक्षण अभियंता बिजली निगम