सोनीपत के राई थाना क्षेत्र में मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। 32 वर्षीय मानसिक विक्षिप्त महिला से अज्ञात ने दुष्कर्म कर दिया। शुक्रवार की शाम को महिला को सड़क किनारे पड़ा देख किसी ऑटो चालक ने उसे सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया, जहां पर जांच के बाद चिकित्सक ने उसके साथ दुष्कर्म की पुष्टि की। इस पर राई थाना पुलिस को अवगत कराया गया।
महिला मानसिक रूप से विक्षिप्त होने के चलते पहचान नहीं बता सकी। राई थाना की एसआई के बयान पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसआई उषा ने बताया कि उन्हें जानकारी मिली कि ऑटो चालक महिला को संदिग्ध हालत में छोड़कर गया है। आपातकालीन कक्ष में पहुंचने पर पता चला कि महिला मानसिक रूप से विक्षिप्त है। वह अपने घर का पता नहीं बता पा रही।
चिकित्सक ने महिला से दुष्कर्म होने की आशंका जताई। महिला चिकित्सक से जांच करवाई गई, जिसमें महिला के साथ दुष्कर्म होने की पुष्टि हो गई। पुलिस ने महिला के पास मिले आधार कार्ड पर पते की जांच की। वह दिल्ली की एक कालोनी का मिला। पुलिस ने वहां जांच कराई तो पता लगा कि महिला वहां पर सात साल पहले रहती थी। अब उसके परिजनों की तलाश शुरू कर दी गई है। अस्पताल में महिला का उपचार करने के बाद उसे महिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल खानपुर रेफर कर दिया गया।