थाना जवां के नहर किनारे शराब माफिया द्वारा फेकी गयी जहरीली शराब।
- फोटो : Rupesh
जहरीली शराब कांड में पुलिस की कुछ टीमें एक दर्जन ऐसे लोगों की तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं, जिनके नाम बाद में प्रकाश में आए हैं। 63 से ज्यादा गिरफ्तारी कर चुकी टीमों का जोश ठंडा नहीं हो रहा है। इसी क्रम में ऋषि से मिले सुराग के बाद टीमों ने हरियाणा में 25 हजार के इनामी की तलाश में डेरा डाल दिया है और संकेत हैं कि जल्द उसकी गिरफ्तारी हो सकती है।
एसएसपी कलानिधि नैथानी ने बताया कि इस कांड में गिरफ्तारी अभियान में लगाई टीमें अभी काम में जुटी हैं। एक दर्जन नाम अभी ऐसे हैं, जिनकी गिरफ्तारी शेष है। बाकी कुछ नए नाम पूछताछ में भी सामने आए हैं। इसी बीच पूछताछ में ऋषि ने 25 हजार के इनामी मदन गोपाल पुत्र किशनलाल थाना एनआईटी-5 फरीदाबाद हरियाणा के विषय में महत्वपूर्ण सुराग दिए हैं। इन सुरागों के आधार पर पुलिस की गिरफ्तारी टीमों ने हरियाणा में डेरा डाल दिया है। अगर सब ठीक रहा तो रात में इस गिरफ्तारी में सफलता मिल सकती है। बता दें कि मदनगोपाल मडराक में शराब गोदाम से संबंधित मुकदमे में वांछित और इनामी है।
जहरीली शराब कांड के दो आरोपियों की जमानत खारिज
जहरीली शराब कांड में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जेल भेजे आरोपियों की जमानत खारिज होने का क्रम शुरू हो गया है। इसी कड़ी में एडीजे 14 महेश आनंद ओझा की कोर्ट से खैर के गौमत भट्ठे से अवैध शराब बरामदगी के मामले में आरोपी प्रमोद और दिनेश की जमानत खारिज की गई है। यह दोनों चंडौस रोड देशी शराब के ठेके पर काम करते थे। जहरीली शराब से मौतों का सिलसिला शुरू हुआ तो यह दोनों दुकान से 1413 गुड इवनिंग शराब के क्वार्टर लेकर भट्ठे पर गए थे। वहां छुपा दिए थे। पुलिस ने धरपकड़ अभियान के दौरान दोनों को गिरफ्तार किया। इनकी निशानदेही पर शराब भी बरामद की थी। एडीजीसी सुधांशु अग्रवाल ने जमानतें खारिज होने की पुष्टि की है।