भारतीय किसान पंचायत ने शुगर मिल गेट के सामने कार्यालय में बैठक की, जिसकी अध्यक्षता किसान राज सिंह ने की। बैठक में पंचायत के पदाधिकारी ने किसानों की समस्या के साथ ही बस मिलने में बेटियों को आ रही परेशानी पर चर्चा की। इसके बाद उपायुक्त ललित सिवाच, रोडवेज महाप्रबंधक राहुल जैन व बिजली निगम के अधीक्षण अभियंता संदीप जैन को समस्याओं के समाधान के लिए ज्ञापन सौंपा गया।
किसान राज सिंह ने कहा कि कई गांवों के खेतों में बिजली के तार ढीले हो गए हैं, उन्हें ठीक करवाया जाए। इन तारों के कारण हमेशा अनहोनी का खतरा बना रहा है। जिसमें गांव कामी, उल्देपुर, ठरू, जाहरी व नाहरी गांव में खेतों में स्थिति ज्यादा खराब है। साथ ही उन्होंने कहा कि उन्होंने कहा कि बिजली उपभोक्ताओं से वर्ष 2021 से पंचायत कर के नाम पर दो फीसदी चार्ज लिया जा रहा है। ऐसे में गांवों में लगी स्ट्रीट लाइटों के तार हटाया जाना गलत है। अगर 15 दिन के अंदर बिजली निगम ने स्ट्रीट लाइटों के तार नहीं लगवाए तो ग्रामीण स्वयं तार लगाकर स्ट्रीट लाइटों को चालू कर लेंगे। साथ ही तारों को ठीक करने की सूरत में एक दिन का धरना देकर बिजली निगम के खिलाफ रोष जताया जाएगा। फिर भी कार्रवाई नहीं हुई तो बिजली निगम कार्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना दिया जाएगा।
किसान राज सिंह ने कहा कि सोनीपत से गांव नाहरी, गोरड़ रूट पर बसों का संचालन बंद है। निजी वाहन चालक अधिक किराया वसूल रहे हैं। पुरखास रोड पर 3 से 6 किलोमीटर की दूरी के लिए 20 रुपये किराया लिया जा रहा है, जो गलत है। उन्होंने रोडवेज महाप्रबंधक से मांग की कि लोकल रूटों की बसों का संचालन सही तरीके से किया जाए। उन्होंने कहा कि कई रूटों पर बेटियों को बस तक नहीं मिल रही है। जिससे उनकी समस्या बढ़ गई है। शिक्षण संस्थानों के समय अनुसार बेटियों को बस की सेवा दी जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि जो परिवार पहचान पत्र बनाए गए हैं, उनमें परिवार की आय बिना किसी परिवार के सदस्य से पूछे अधिक लिखवा दी गई है, जिसे ठीक करवाकर लोगों की समस्या का समाधान किया जाए।
उन्होंने कहा कि बाजरे की खरीद को लेकर सरकार ने भावांतर योजना बनाई है। जिसके तहत किसानों ने बाजरे का पंजीकरण भी करवाया है, लेकिन किसी भी किसान के बैंक खाते में योजना का एक भी पैसा नहीं आया है। इस मौके पर नागेंद्र नाहरी, महेंद्र, सुखबीर, रायसिंह जाहरी, सतपाल, देवेंद्र बिहाना, भीम, धर्मबीर खानपुर, प्रदीप उल्देपुर व नफे सिंह ठरू मौजूद रहे।