दिल्ली-अंबाला रेल मार्ग पर बठिंडा एक्सप्रेस से गिरने से रेलवे कर्मचारी की मौत हो गई। सूचना के बाद पहुंची जीआरपी ने शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया। जीआरपी ने शुक्रवार को परिजनों के बयान दर्ज कर पोस्टमार्टम के बाद शव सौंप दिया। वहीं रेलवे लाइन पर अलग-अलग स्थानों पर एक महिला व युवक का शव मिला है। शवों की पहचान नहीं हो पाई है।
गढ़ी घसीटा निवासी संदीप (26) रेलवे मेें प्वाइंटसमैन के पद पर कार्यरत था। उसकी ड्यूटी दिल्ली में थी। परिजनों ने बताया कि वीरवार को संदीप अपनी ड्यूटी के बाद बठिंडा एक्सप्रेस से सोनीपत आ रहा था। ट्रेन दोपहर करीब दो बजे रेलवे स्टेशन पर पहुंची। ट्रेन के सोनीपत स्टेशन पर पहुंचने से पहले ही रेलवे यार्ड के पास संदीप चलती ट्रेन से गिर गया। जीआरपी अधिकारी का कहना है कि उन्हें शाम करीब 7 बजे रेलवे लाइन किनारे एक युवक का शव पड़ा होने की सूचना मिली थी। घटनास्थल पर पहुंचे तो एक युवक रेलवे लाइन किनारे मृत पड़ा था। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया। हादसे की सूचना परिजनों को दे दी गई थी। शुक्रवार को परिजनों के बयान दर्ज कर पोस्टमार्टम करवा शव सौंप दिया।
मासूमों के सिर से उठा पिता का साया
संदीप रेलवे में प्वाइंटसमैन के पद पर तैनात था। उसके सात साल के दो बच्चे हैं। लड़का लक्ष्य व लड़की लक्षिता दोनों जुड़वां हैं। संदीप की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं दोनों मासूमों को यह आभास ही नहीं है कि उनके सिर से पिता का साया उठ गया है।
ट्रेन की चपेट में आने से दो की मौत, शनाख्त नहीं
रेलवे लाइन पार करते समय ट्रेन की चपेट मेें आने से महिला और युवक की मौत हो गई। दोनोें हादसे अलग-अलग स्थानों पर हुए। मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है। पहला हादसा राठधना व नरेला रेलवे स्टेशन के बीच हुआ। जहां अप लाइन पर करीब 50-55 वर्षीय महिला का शव मिला। महिला के दाहिने हाथ पर फूल का निशान गुदा हुआ है। शव की शनाख्त नहीं हो पाई है। वहीं शनि मंदिर के पास के पास रेलवे लाइन पार करीब 30 वर्षीय युवक का शव मिला। जीआरपी ने आसपास के लोगों से पूछताछ की, लेकिन पहचान नहीं हो पाई। जीआरपी ने अलग-अलग स्थानों पर मिले दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल के शवगृह मेें रखवा दिया है। जीआरपी शवों की शनाख्त के प्रयास कर रही है।
चलती ट्रेन से गिरने के कारण रेलवे कर्मचारी की मौत हो गई थी। शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया है। वहीं दो अलग-अलग स्थानों पर रेलवे ट्रैक पर महिला व युवक के शव मिले हैं। जिनकी पहचान नहीं हो पाई है। शवों को देखते हुए लग रहा है कि ट्रेन की चपेट में आने से इनकी मौत हुई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। जीआरपी शवों की शनाख्त के प्रयास कर रही है। -राजेंद्र सिंह, प्रभारी, जीआरपी थाना, सोनीपत।
नागरिक अस्पताल में रेलवे कर्मी संदीप का शव लेने पहुंचे परिजन। संवाद- फोटो : Sonipat