गन्नौर। गांव पबनेरा व रामनगर के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में वीरवार को हुई मासिक परीक्षा के दौरान अव्यवस्था देखने को मिली। समय पर प्रश्नपत्र नहीं पहुंचने से विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बाद में आनन-फानन में प्रश्न पत्र मंगवाए गए। इसके बाद विद्यार्थी सुबह होने वाली परीक्षा दोपहर को दे सके। खंड शिक्षा अधिकारी ने मामले की जांच की बात कही है।
गांव पबनेरा स्थित राजकीय विद्यालयों में कक्षा छठी से 12वीं तक मासिक परीक्षाएं चल रही हैं। वीरवार को 11वीं कक्षा का अंग्रेजी विषय और 12वीं कक्षा का राजनीति विज्ञान विषय का पेपर था, लेकिन स्कूल में इन दोनों कक्षाओं के प्रश्न पत्र स्कूल में नहीं पहुंचे। स्टाफ की तरफ से खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय से प्रश्न पत्र ले जाने में लापरवाही बरती गई। इसके चलते दोनों कक्षाओं की परीक्षा समय पर शुरू नहीं करवाई जा सकी। प्रश्न पत्र आने के बाद ही विद्यार्थी अपनी मासिक परीक्षा दे पाए।
विद्यार्थी संख्या से कम पहुंचे प्रश्न पत्र
मासिक परीक्षा के दौरान कुछ स्कूलों में विद्यार्थियों की संख्या के अनुसार प्रश्न पत्र नहीं पहुंचे। स्कूलों में विद्यार्थी अधिक व प्रश्न पत्र कम भेजे गए। पबनेरा के राजकीय स्कूल में पहले तो समय पर प्रश्नपत्र नहीं पहुंचा और जब बाद में प्रश्नपत्र मिले तो वह कम मिले। प्रश्न पत्र कम मिलने के कारण काफी असुविधा हुई। जिसके बाद प्रश्न पत्र की फोटो प्रति करवाकर काम चलाना पड़ा।
रामनगर स्कूल में भी नहीं पहुंचे प्रश्न पत्र
रामनगर का स्कूल पबनेरा के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के क्लस्टर के अंतर्गत आता है। रामनगर के राजकीय स्कूल में प्रश्न पत्र भिजवाने की जिम्मेदारी भी पबनेरा के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के स्टाफ की ही है। स्टाफ की लापरवाही से रामनगर के राजकीय स्कूल में भी प्रश्न पत्र समय पर नहीं पहुंच पाए। यहां पर भी बाद में प्रश्न पत्र भिजवाकर परीक्षा शुरू करवाई गई।
दोपहर डेढ़ बजे के बाद हुई परीक्षा
रामनगर के राजकीय स्कूल में 11वीं कक्षा की अंग्रेजी व 12वीं कक्षा की राजनीति विज्ञान विषय की परीक्षा सुबह ली जानी थी। समय पर प्रश्न पत्र नहीं मिलने से विद्यार्थियों को काफी देर तक खाली बैठना पड़ा। खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय से दोपहर को स्टाफ प्रश्न पत्र लेकर स्कूल पहुंचा। जिसके बाद दोपहर करीब डेढ़ बजे के बाद परीक्षा शुरू करवाई गई।
वर्जन
स्कूल में प्रश्न पत्र नहीं पहुंचने का मामला संज्ञान में आने के तुरंत बाद पबनेरा व रामनगर के राजकीय स्कूलों में प्रश्न पत्र भिजवा दिए गए थे। जिसके बाद विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। स्कूलों को निर्देश दिए गए हैं भविष्य में इस तरह की लापरवाही फिर से न हो। प्रश्न पत्र स्कूल में नहीं पहुंचने के मामले की जांच की जाएगी। लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
सतीश कुमार, खंड शिक्षा अधिकारी, सोनीपत