सोनीपत के खरखौदा के गांव किडौली में डाकघर के गेट पर लगा ताला दिखाते पूर्व सरपंच रामचंद्र। संवा
खरखौदा। गांव किडौली स्थित डाकखाना कई दिनों से नहीं खुलने के कारण स्थानीय लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। लोगों का कहना है कि वह लगातार डाकखाने के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन डाकखाना नहीं खोला जा रहा है। जिसको लेकर वह गांव प्रह्लादपुर के सरपंच से भी मिले, उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को मामले से अवगत कराया है।
गांव किडौली के पूर्व सरपंच रामचंद्र का कहना है कि वह सप्ताह भर से गांव में स्थित डाकखाने के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन डाकखाना खोला नहीं जा रहा है। शनिवार को भी वह 12 बजे तक डाकखाने के बाहर बैठे रहे। जब डाकखाना नहीं खुला तो वह उठकर घर चले गए। बाद में उन्हें पता चला कि उनके जाने के कुछ देर बाद डाकखाना खोला गया था। ऐसे में सोमवार को वह फिर से अपना काम करवाने के लिए डाकखाने में पहुंचे। उन्हें फिर वही स्थिति देखने को मिली। उन्होंने पड़ोसी गांव प्रह्लादपुर के सरपंच संजय को भी मामले से अवगत करवाया, जिन्होंने मामले की शिकायत प्रशासनिक अधिकारियों को दी है।
किडौली डाकखाने का प्रभारी मेडिकल छुट्टी पर है। गोहाना डिवीजन के इंस्पेक्टर की ओर से कर्मी की अनुपस्थिति में अन्य कर्मी की ड्यूटी लगाई गई है। वहीं इंस्पेक्टर विकास का कहना है कि पहले से तैनात कर्मी के मेडिकल छुट्टी पर जाते ही दूसरे कर्मी की ड्यूटी लगा दी गई थी, अगर वह अनुपस्थिति हैं तो इसकी जांच की जाएगी।
-मनोज, पोस्टमास्टर, खरखौदा