सोनीपत। जिला निर्वाचन अधिकारी व उपायुक्त डाॅ. मनोज कुमार ने राजनीतिक दलों से आह्वान किया कि वह चुनाव आयोग की ओर निर्धारित आदर्श आचार संहिता का पालन करें। वह द्वेषपूर्ण भाषण (हेट स्पीच) और अफवाहों से पूरी तरह से दूर रहें।
लघु सचिवालय में रविवार को उपायुक्त डॉ. मनोज कुमार ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक की। उन्होंने कहा कि चुनाव में भाईचारा, सौहार्द कायम रहना चाहिए। इसके लिए राजनीतिक दलों की ओर से कोई भी ऐसी टिप्पणी न आए जिससे दो जातियों, धर्मों, समुदायों या क्षेत्रों में तनाव पैदा हो। राजनीतिक दलों के नेताओं व कार्यकर्ताओं के व्यवहार व भाषा से बैर बढ़ाने वाला संदेश न जाए।
उपायुक्त डाॅ. मनोज कुमार ने स्पष्ट किया कि चुनाव के लिए हर प्रकार के आयोजनों व गतिविधियों के लिए नियम निर्धारित हैं। लाउडस्पीकर स्पीकर, जनसभा, रैली आदि आयोजनों के लिए अनुमति लेनी होगी। निर्धारित स्थानों पर ही आयोजन करने होंगे। शिक्षण संस्थानों को राजनीतिक आयोजन के लिए प्रयोग में न लाया जाए। बूथ लेवल असिस्टेंट नियुक्त करके उनकी सूची निर्वाचन कार्यालय के साथ साझा करें। इस दौरान एसडीएम अमित कुमार, नगराधीश पूजा कुमारी, जिला राजस्व अधिकारी हरिओम अत्री, चुनाव तहसीलदार दिनेश शर्मा, भाजपा के प्रतिनिधि डाॅ. संजय सेहरा, कांग्रेस के अधिवक्ता मुकेश पन्नालाल, आम आदमी पार्टी के देवेंद्र गौतम, सीपीआई (एम) के एसएन सोलंकी और बसपा के डीआर मलिक, कमल भी मौजूद रहे।
अनुमति के लिए सुविधा पोर्टल पर आवेदन करना होगा
उपायुक्त ने कहा कि चुनाव आयोग ने राजनीतिक दलों के लिए बुकलेट तैयार की है। इसमें हर प्रकार के नियमों के साथ आवश्यक जानकारी दी गई है, जिसका अध्ययन अवश्य करें। उन्होंने प्रतिनिधियों से उनकी दो-दो ई-मेल आईडी उपलब्ध करवाने के लिए कहा, जिन पर हर जानकारी दी जाएगी। टोल फ्री नंबर-1950 पर सभी तरह की जानकारी दी जा सकती है। सुविधा पोर्टल पर आयोजनों व अन्य कार्यों के लिए अनुमति के लिए ऑनलाइन आवेदन करना होगा। 25 अप्रैल तक वोट बनाए जा रहे हैं। किसी का वोट नहीं बना है तो वह वोट अवश्य बनवाए।