सोनीपत।जिले में 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने के लिए 28 जून से विशेष पल्स पोलियो अभियान शुरू किया जाएगा। अभियान की तैयारियों को लेकर अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) अजय चोपड़ा की अध्यक्षता में वीरवार को लघु सचिवालय में स्वास्थ्य विभाग और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई।
एडीसी अजय चोपड़ा ने कहा कि पल्स पोलियो अभियान राष्ट्रीय महत्व का कार्यक्रम है, इसलिए इसे पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ संचालित किया जाना चाहिए। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए अभियान को सफल बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले का कोई भी पात्र बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित नहीं रहना चाहिए।
बैठक में महिला एवं बाल विकास विभाग की सुपरवाइजरों को आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के साथ सहायिकाओं की भी ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए गए, ताकि अधिक से अधिक बच्चों तक पहुंच बनाई जा सके। वहीं शिक्षा विभाग को स्कूल परिसरों में स्थापित किए जाने वाले पोलियो बूथों पर आवश्यक सहयोग देने तथा स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय बनाए रखने को कहा गया। यूएचबीवीएनएल अधिकारियों को स्वास्थ्य केंद्रों और अन्य आवश्यक स्थानों पर निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि वैक्सीन के रखरखाव में कोई बाधा न आए।
सिविल सर्जन डॉ. अनुराधा जैन ने बताया कि जिले में 0 से 5 वर्ष तक की आयु के 2 लाख 2 हजार 28 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए जिलेभर में 864 पोलियो बूथ स्थापित किए जाएंगे और 1325 टीमें अभियान में लगाई जाएंगी। 28 जून को बूथों पर बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जाएगी, जबकि 29 और 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर बच्चों को खुराक देंगी।
एडीसी ने अभिभावकों से अपने पांच वर्ष तक की आयु के सभी बच्चों को पोलियो की दवा अवश्य पिलाने की अपील की।