सोनीपत। दिल्ली व एनसीआर क्षेत्र में कोरोना संक्रमण दोबारा बढ़ना शुरू हो गया है। कोरोना से बचाव को लेकर बुधवार से 18 से 59 साल के लोगों को मुफ्त बूस्टर डोज लगाई जाएगी। इसको लेकर स्वास्थ्य विभाग की ओर से सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। बूस्टर डोज लगवाने के लिए लोगों को टीकाकरण केंद्रों पर अपना दूसरी डोज का प्रमाणपत्र व आधार कार्ड साथ लाना होगा।
वैक्सीन की दूसरी डोज लगवाने का समय 39 सप्ताह (9 माह) पूरा कर लेने के बाद ही प्रिकॉशन डोज (बूस्टर डोज) दी जाएगी। साथ ही जिस टीके की पूर्व में दोनों डोज ली गई है, बूस्टर डोज भी उसी टीके की लगेगी। लाभार्थी जब भी बूस्टर डोज के योग्य होंगे, कोविन सिस्टम के द्वारा उनके मोबाइल पर एसएमएस भेज दिया जाएगा। 18 से 59 साल के जिन लोगों ने 9 माह पहले वैक्सीन की दोनों डोज लगवा रखी है, उन्हें बूस्टर डोज लेने के लिए टीकाकरण प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा।
कोरोना के 3 संक्रमित मिले, 2 मरीज ठीक हुए
कोरोना के केस लगातार मिल रहे हैं। मंगलवार को भी तीन संक्रमित मिले हैं। वहीं दो मरीज ठीक होने से अब कोरोना के सक्रिय केस बढ़कर 25 हो गए हैं। आरटीपीसीआर की संक्रमण दर 7.28 फीसदी रही। कोरोना से बचाव के लिए सरकार की ओर से लोगों को मास्क लगाने के आदेश जारी कर रखे है।
18 से 59 साल के लोगों को बुधवार से बूस्टर डोज लगाने का अभियान शुरू कर दिया जाएगा। सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर बूस्टर डोज मुफ्त लगाई जाएगी। बूस्टर डोज लगाने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली है।
डॉ. जयकिशोर, सिविल सर्जन