सोनीपत। सेक्टर-12 बाईपास पर र्साइं मंदिर के पास नकदी संग्रह (कलेक्शन) कंपनी के दो कारिंदों से बदमाशों ने 19.62 लाख रुपये लूटे थे। वे सात फर्मों के रुपये जमा कराने बैंक जा रहे थे। इनमें सबसे अधिक राशि इंडस बैंक की थी। मामले में पुलिस अभी भी खाली हाथ है। पुलिस का कहना है कि वह बदमाशों की तलाश में लगी हुई है, जल्द ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा।
गांव मुकीमपुर निवासी नवीन ने सदर थाना पुलिस को बताया कि वह ब्रिक्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में जूनियर एग्जीक्यूटिव (कनिष्ठ कार्यकारी) के पद पर हैं। वह अपने साथी कर्मी शशि कुमार के साथ विभिन्न फर्मों से नकदी संग्रह कर उन्हें बैंक में जमा कराने लग जा रहे थे। इसी दौरान सोमवार को करीब सवार 12 बजे सेक्टर-12 बाईपास पर अचानक एक युवक सड़क पार करने के बहाने उनकी बाइक के आगे आ गया था। उसे बचाने के प्रयास में बाइक रोकते ही दो अन्य बदमाश वहां आए थे और हमलाकर उनसे नकदी लूट ले गए थे। उनके पास 19 लाख 62 हजार 39 रुपये थे। पुलिस ने नवीन के बयान पर मुकदमा दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस सीसीटीवी में कैद बदमाशों का पता नहीं लगा सकी है। पुलिस का दावा है कि जल्द उनका पता लगाकर गिरफ्तार किया जाएगा।