सोनीपत। जिले में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी ओमिक्रॉन वैरिएंट को लेकर अलर्ट हैं। हाई रिस्क देशों से अब तक 112 लोग जिले में पहुंच चुके हैं। ओमिक्रॉन वैरिएंट से प्रभावित 19 देशों से जिले में लोग पहुंचे हैं। इनमें से स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी अब तक हाई रिस्क देशों से आने वाले 78 को ही ढूंढ पाए हैं। गलत फोन नंबर लिखवाए जाने के कारण अन्य 34 लोगों का पता नहीं लग पा रहा है। जिसके कारण स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की परेशानी बढ़ी हैं।
हालांकि अधिकारी इन लोगों को पता लगाने का भरसक प्रयास कर रहे हैं। जिले में अभी कोरोना संक्रमित मरीज नहीं है, विभाग की ओर से रोजाना दो हजार से ज्यादा लोगों की कोरोना जांच की जा रही है। जिले में कोरोना के मरीजों को भर्ती करने के लिए तीन हजार से ज्यादा बेड की व्यवस्था की हुई है।
कोरोना का नया स्वरूप ओमिक्रॉन भारत समेत 25 से ज्यादा देशों में पहुंच चुका है। ऐसे में विदेश से आने वाले लोगों पर नजर रखने के लिए स्वास्थ्य मंत्रालय व विभाग की ओर से गाइडलाइन जारी की जा चुकी है। साथ ही जिले में लोगों को कोरोना महामारी से बचाने के लिए सैंपलिंग बढ़ाई गई है। विभाग की ओर से प्रतिदिन दो हजार से ज्यादा लोगों की कोरोना जांच की जा रही है और लोगों को इसके बारे मेें जागरूक किया जा रहा है। जिले में फिलहाल एक भी कोरोना का मरीज नहीं है। जिले में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 47476 तक पहुंच चुका है।
आइसोलेट करने के लिए यह है व्यवस्था
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, जिले में कोरोना संक्रमितों को आइसोलेट करने के लिए 2214 सामान्य बेड की सुविधा है। इसके अलावा 804 ऑक्सीजन बेड, 158 आईसीयू बेड व 86 वेंटिलेटर की सुविधा है। कोरोना के नए स्वरूप से निपटने के लिए विभाग की ओर से लगातार तैयारी की जा रही है।
-
कोरोना को लेकर लोग बरत रहे लापरवाही
जिले में कोरोना के प्रति लोग लगातार लापरवाह बने हुए हैं। बचाव के लिए नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है। शहर के बाजारों में लोग बिना मास्क लगाए घूम रहे हैं। मार्केट में आने वाले लोग किसी तरह की सामाजिक दूरी का पालन नहीं कर रहे। इसी तरह जिला नागरिक अस्पताल में आने वाले मरीज व उनके तीमारदार भी लापरवाही बरत रहे हैं। पुलिस विभाग की ओर से बिना मास्क लगाने वालों के चालान किए जा रहे हैं, उसके बावजूद बरती जा रही लापरवाही लोगों के लिए भारी पड़ सकती है। समय रहते प्रशासन की ओर से कोरोना बचाव को लेकर सख्त कदम उठाए जाने की आवश्यकता है।
--
विदेश से आने वालों को विभाग कर रहा ट्रेस
हाई रिस्क देश यात्री आए यात्री मिले
नार्वे 4 4
इटली 3 2
आयरलैंड 1 0
हंगरी 4 0
बेल्जियम 1 1
चीन 2 2
फ्रांस 3 3
जर्मनी 5 4
नीदरलैंड 17 9
सिंगापुर 18 17
दक्षिण अफ्रीका 3 1
ताइवान 1 1
यूके 34 30
जिबाब्वे 3 2
घाना 4 0
हॉगकांग 1 0
न्यूजीलैंड 4 0
स्पैन 1 1
स्वीडन 3 1
वर्जन
जिले में अब तक हाई रिस्क देशों से 112 लोग आ चुके हैं। इनमें से 78 लोगों को ढूंढकर कोरोना जांच के लिए सैंपल लिए जा चुके हैं। जांच के दौरान विदेश से आने वाला एक भी व्यक्ति कोरोना संक्रमित नहीं मिला है। जिले में लोगों की लगातार सैंपलिंग की जा रही है, फिलहाल जिला कोरोना मुक्त है।
- डॉ. जयकिशोर, सिविल सर्जन सोनीपत