शहर में लगने वाले जाम की समस्या को दूर करने के लिए पुलिस प्रशासन की तरफ से जल्द पहल की जाएगी। आए दिन के जाम से परेशान लोगों को निजात दिलाने के लिए शहर की सड़क को वन-वे किया जाएगा। साथ ही अतिक्रमण करने वालों से भी पुलिस सख्ती के साथ निपटेगी।
शहर की मुख्य सड़कों पर लगने वाले जाम से हर कोई परेशान है। जाम में लंबे समय से तक वाहनों के फंसे रहने से एक तरफ जहां वाहन चालक परेशान हैं, वहीं स्थानीय लोगों के साथ ही मुख्य मार्ग के दुकानदारों की भी दिक्कत बढ़ रही है। चारों तरफ रिंग रोड़ के रूप में बाईपास होने के बावजूद जाम खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। ऐसे में खरखौदा पुलिस ने अब शहर को जाम से मुक्ति दिलाने की पहल शुरू कर दी है। इसके तहत शहर को वन-वे करने की तैयारी की गई है। अब जिस मार्ग से वाहन शहर के अंदर जा सकेंगे उस मार्ग से वापस शहर में एंट्री नहीं कर सकेंगे।
पुलिस ने वन-वे का जो प्लान तैयार किया है उसके तहत शहर में अब पुराने रोहतक मार्ग से शहर के अंदर वाहनों की एंट्री नहीं हो सकेगी। चार पहिया वाहनों को ब्राह्मण मोहल्ले के चौक पर नाका लगाकर उनका रूट कन्या कॉलेज की तरफ डायवर्ट कर दिया जाएगा। इसके साथ ही सांपला मार्ग से शहर में चार पहिया वाहनों की एंट्री नहीं हो पाएगी। मटिंडू चौक पर नाका लगाकर वाहनों को रोककर बाईपास पर भेज दिया जाएगा।
बस स्टैंड से शहर के अंदर जा सकेंगी बसें
यात्रियों की सुविधा को देखते हुए बसों की एंट्री सोनीपत मार्ग से शहर में की जाएगी, जिससे थाना कला चौक और दिल्ली चौक से बसों में सवार होने वाले यात्रियों को परेशानी नहीं होगी, लेकिन अन्य चार पहिया बड़े वाहनों को शहर में प्रवेश करने नहीं दिया जाएगा।
जाम से मुक्ति दिलाई जाएगी
शहर को जाम से मुक्ति दिलाने के लिए प्लान तैयार किया गया है, जिसके आधार पर ट्रैफिक को कंट्रोल किया जाएगा। अगर जरूरत हुई तो इसमें बदलाव भी किया जा सकता है।
- अरुण कुमार, थाना प्रभारी खरखौदा।