सोनीपत। उपायुक्त डाॅ. मनोज कुमार ने कहा कि सरसों व गेहूं की फसलों की खरीद मेरी फसल मेरा ब्योरा के तहत की जाएगी। पंजीकृत किसानों की फसलों की खरीद नियमानुसार की जाएगी। 26 मार्च से सरसों की आवक के साथ खरीद प्रारंभ होगी। इसके एक सप्ताह के बाद ही गेहूं की आवक शुरू हो जाएगी। इसलिए दोनों फसलों की आवक को देखते हुए अधिकारी खरीद व उठान आदि के लिए सभी प्रबंध पुख्ता करें।
उपायुक्त ने मंडियों व फसल खरीद केंद्रों में फसलों की आवक-उठान-खरीद के लिए हर प्रकार के बंदोबस्त पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसमें विशेष रूप से सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करें। इससे पहले मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव वी. उमाशंकर ने शनिवार शाम वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से अधिकारियों की बैठक ली। उपायुक्त डाॅ. मनोज कुमार ने मेरी फसल मेरा ब्योरा पोर्टल की विशेष रूप से समीक्षा की। उन्होंने फसल सत्यापन व गिरदावरी की भी समीक्षा की। साथ में बेमेल सत्यापन की भी पड़ताल करते हुए जरूरी निर्देश दिए। इस दौरान जिला राजस्व अधिकारी हरिओम अत्री, तहसीलदार जिवेंद्र मलिक व मनोज कुमार, डीएफएससी विंशल सहरावत, हैफेड के डीएम उमाकांत, मार्केट कमेटी सोनीपत की सचिव ज्योति मोर, मार्केट कमेटी गोहाना के सचिव जितेंद्र कुमार मौजूद रहे।