सोनीपत। सोशल मीडिया पर टास्क पूरा करने का झांसा देकर लोगों से निवेश के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह के तीन सदस्यों से जानकारी मिली है कि वह तीन राज्यों से चल रहा है। तीनों आरोपियों को सोनीपत की महिला को ऑनलाइन कमाई का झांसा देकर 10.51 लाख ठगने के मामले में गिरफ्तार किया गया है। मामले को लेकर राठधना रोड स्थित शिक्षण संस्थान निवासी लीला माधवी ने 16 फरवरी को साइबर थाना में मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस की जांच में सामने आया है कि गिरोह तीन राज्यों से चलाया जा रहा है। जिसमें केरल, कर्नाटक व मध्यप्रदेश का दतिया क्षेत्र है। गिरोह में 10 से 12 सदस्य हो सकते हैं। हालांकि पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही आगे मामले में कुछ कहा जा सकता है।