हरियाणा में शिक्षा का हब बन चुके सोनीपत का विस्तार करने के लिए सरकार ने तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए सोनीपत व खरखौदा शहर के मास्टर प्लान को मंजूरी दी है। सोनीपत के मास्टर प्लान 2031 में नेशनल हाईवे (एनएच)-44 के साथ 24 सेक्टर बसाए जाएंगे। साथ ही खरखौदा के मास्टर प्लान 2041 में एनएच-334बी व कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेस-वे के बीच 12 सेक्टर बसाए जाने की मंजूरी मिली है।
खरखौदा आईएमटी का होगा विस्तार, आवासीय सेक्टर बसाए जाएंगे
खरखौदा के मास्टर प्लान 2041 में आईएमटी का विस्तार किया जाएगा। आईएमएटी फेज-2 के लिए रामपुर, सैदपुर, जटौला व फिरोजपुर बांगर गांव की जमीन अधिग्रहित की जा सकेगी। इसके अलावा सेक्टर-2, 2ए, 4, 6, 7, 9, 10, 10ए, 11, 11ए आवासीय होंगे। इस सेक्टरों को खरखौदा के अलावा गांव पिपली, गोपालपुर, बरोणा, छिनौली और थाना कलां की जमीन पर बसाया जा सकेगा।
सोनीपत के तीन सेक्टरों में खुलेंगे शिक्षण संस्थान
सोनीपत को शिक्षा का हब माना जाता है। यहां देश-विदेश से काफी छात्र पढ़ाई के लिए आते हैं। यहां विश्वविद्यालय, कॉलेज, स्कूल व अन्य शिक्षण संस्थान खोलने के लिए गांव नांगल खुर्द व किशोरा की जमीन पर सेक्टर-79 व 81 बसाए जाएंगे। इसी तरह खरखौदा के पास सेक्टर-1 बसाया जाएगा। इन जगहों पर शिक्षण संस्थान खुलने से एनएच-44 व एनएच-334बी से आवागमन करने वाले युवाओं को काफी फायदा होगा।
मुरथल में बसाया जाएगा यातायात सेक्टर
गांव मुरथल की जमीन पर यातायात के लिए सेक्टर-87 बसाया जाएगा। नांगल खुर्द व मुरथल की जमीन पर वाणिज्यिक क्षेत्र के लिए सेक्टर-82 व 83 बसाया जाएगा, खरखौदा में सेक्टर-6 वाणिज्यिक क्षेत्र के लिए होगा। इससे जिले में व्यापार को बढ़ावा मिलेगा।
शहरीकरण के बढ़ावा देने के लिए मुख्यालय की ओर से सोनीपत व खरखौदा के मास्टर प्लान को मंजूरी मिल चुकी है। नए मास्टर प्लान के अनुसार वाणिज्यिक क्षेत्र, यातायात और मल्टीनेशनल कंपनियों के लिए सेक्टर बसाए जाएंगे। साथ ही आईएमटी और एनएच-44 के साथ आवासीय सेक्टरों को बसाया जाएगा। - नरेश कुमार, जिला नगर योजनाकार, सोनीपत