सोनीपत। शहरवासियों को जल्द ही स्ट्रीट लाइट व्यवस्था में बड़ी राहत मिलने जा रही है। नगर निगम की तरफ से शहर के अंदर स्ट्रीट लाइट के लिए सेंट्रल कंट्रोल एंड मॉनिटरिंग सिस्टम (सीसीएमएस) के तहत 108 पैनल लगाए जाएंगे। इस नई ऑटोमेटिक व्यवस्था के लागू होने से स्ट्रीट लाइट न केवल समय पर जलेंगी और बंद होंगी, बल्कि धुंध या कोहरे की स्थिति में घर बैठे ही लाइटों का समय बदला जा सकेगा।
नई व्यवस्था के तहत स्ट्रीट लाइट शाम करीब साढ़े पांच बजे स्वयं जल जाएंगी और सुबह करीब साढ़े छह बजे बंद हो जाएंगी। मॉडल टाउन में लगाए गए पहले पैनल का ट्रायल सफल रहा है। एक पैनल से करीब 90 स्ट्रीट लाइट एक साथ जलीं, जिससे पूरा मॉडल टाउन क्षेत्र कवर हो गया। अब इसी व्यवस्था को पूरे शहर में लागू किया जाएगा।
इस प्रणाली की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें मेनपावर की आवश्यकता कम होगी और बिजली चोरी पर भी अंकुश लगेगा। पहले कई जगह बिजली चोरी और ओवरलोड की समस्या सामने आती थी, लेकिन अब यह व्यवस्था मोबाइल एप और लैपटॉप के जरिए कंट्रोल होगी। कहीं बिजली चोरी होती है तो सिस्टम तुरंत अलार्म के जरिए अधिकारियों को अलर्ट करेगा, जिससे नगर निगम के कर्मचारी मौके पर पहुंचकर त्वरित कार्रवाई कर सकेंगे।
नगर निगम के जेई अनिल कुमार ने बताया कि सीसीएमएस के लिए पैनल लगाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। इससे न केवल जनता को सीधा लाभ मिलेगा, बल्कि बिजली की बचत भी सुनिश्चित होगी और शहर के डार्क प्वाइंट पर हादसों में भी कमी आएगी।