सोनीपत। शहरवासियों और वाहन चालकों को बेहतर सुविधा देने के लिए 3.85 करोड़ रुपये खर्च कर सीवर लाइन बिछाने के साथ ही मुरथल रोड का निर्माण कराया गया था। लेकिन दो माह बाद ही सड़क जगह-जगह धंसने के साथ ही सीवर लाइन के ढक्कन भी टूट गए हैं। इससे नगर निगम व लोकनिर्माण विभाग की कार्यप्रणाली सवालों के घेरे में आ गई है। सड़क धंसने के कारण रोजाना वाहन चालक हादसे का शिकार हो रहे हैं। सबसे ज्यादा परेशानी रात के समय यात्रा करने वाले वाहन चालकों को रही है। अधिकारी समस्या को खत्म करने की बजाय पत्र व्यवहार करने में लगे हुए हैं।
मुरथल रोड पर सीवर लाइन डालने के चलते दो साल तक वाहन चालक व दुकानदार परेशान रहे। सीवर लाइन डाले जाने के बाद दो माह पहले ही सड़क बनने से लोगों को काफी राहत मिली थी। लेकिन सड़क पर वाहन चालकों के लिए सुहाना सफर महज दो माह तक ही रहा। भारी वाहनों का आवागमन होने के कारण अब सीवर लाइन के ढक्कन टूटने लगे हैं। साथ ही मुरथल रोड कई स्थानों से धंसने लगा है। जिसके कारण वाहन चालक हादसे का शिकार हो रहे हैं। दुकानदारों की तरफ से अधिकारियों को इस मामले में अवगत कराया जा चुका है। उसके बावजूद सड़क पर निरीक्षण करने के लिए अभी तक अधिकारी नहीं आए हैं।
शहर में सीवर व्यवस्था की बदहाल स्थिति को सुधारने के लिए नगर निगम नेे एक एजेंसी को 106 करोड़ रुपये का टेंडर आवंटित किया था। उसी कड़ी में मुरथल रोड पर वर्ष 2019 में शुरू हुआ 2800 मीटर तक सीवर लाइन डालने का काम जून, 2021 में पूरा हो सका। सड़क पर 10 फुट गहरी सीवर लाइन डाली गई है। इसके बाद अक्तूबर में लोक निर्माण विभाग की ओर से तारकोल से सड़क बनाने का काम शुरू हो गया था। जिसे नवंबर के अंत तक पूरा किया गया था। सड़क निर्माण पर 3.85 करोड़ रुपये खर्च किए गए। अब इस मार्ग से 40 हजार से ज्यादा वाहन चालक रोजाना आवगमन करते हैं। सोनीपत से मुरथल जीटी रोड व मुरथल यूनिवर्सिटी की ओर जाने का यही मुख्य मार्ग है। सीवर लाइन के ढक्कन टूटने व सड़क धंसने के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी होने लगी है।
लोगों की परेशानी, उन्हीं की जुबानी
दो साल तक सीवर लाइन डालने का काम रुकने से मुरथल रोड पर जाम लगा रहता था। अब मुरथल रोड पर निर्माण कार्य पूरा होने के बाद हादसे होने लगे है। सीवर के ढक्कन टूट रहे हैं और करोड़ों रुपये से बनी सड़क धंसने लगी है। प्रशासन की तरफ से कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
- श्रीराम, दुकानदार
भारी वाहनों की आवाजाही के कारण सीवर के ढक्कन टूटने लगे है। जिसके कारण रोजाना दोपहिया वाहन व अन्य वाहन चालक खुले मैनहोल के कारण दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। प्रशासन को अवगत कराए जाने के बावजूद अधिकारियों ने समस्या का अभी तक समाधान नहीं किया है।
- मुकेश, दुकानदार
नगर निगम की अनदेखी से लोगों का मुरथल रोड से गुजरना मुश्किल हो गया है। रात के समय सबसे ज्यादा हादसे हो रहे हैं। करोड़ों रुपये खर्च करने के बावजूद वाहन चालकों को जान जोखिम में डालकर सफर करना पड़ रहा है। प्रशासन की ओर से वाहन चालकों को दुर्घटनाग्रस्त होने से बचाने के लिए कदम उठाए जाने चाहिए।
- कुलदीप निवासी ताजपुर
शहर को जीटी रोड से जोड़ने वाला मुरथल रोड सबसे व्यस्त रोड है। उसके बावजूद प्रशासन की ओर से सड़क व सीवर लाइन की तरफ कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। अधिकारियों की लापरवाही के कारण लोगों को वाहन चलाना मुश्किल हो गया है।
- मुकेश कुमार निवासी मुरथल
वर्जन
मुरथल रोड पर दो माह पहले 3.85 करोड़ की लागत से सड़क निर्माण कार्य किया गया था। नई सीवर लाइन ओवरफ्लो होने के कारण सड़क धंसी है। सीवर लाइन को ठीक कराने के लिए नगर निगम के अधिकारियों को पत्र लिख दिया गया है।
- पंकज गौड़, एक्सईएन लोक निर्माण विभाग
वर्जन
मुरथल रोड पर सीवर लाइन के ढक्कन टूटने व सड़क धंसने का मामला संज्ञान में नहीं है। मुरथल रोड पर जल्द निरीक्षण करके लोगों की समस्या का समाधान कर दिया जाएगा। इसके बाद लोगों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
- सतीश कुमार, एसडीओ नगर निगम