फोटो : सोनीपत के गन्नौर स्थित गांधी नगर में चलाई गए सफाई अभियान में योगदान देते विधायक देवेंद
गन्नौर। स्वच्छ गन्नौर-स्वस्थ गन्नौर अभियान के तहत मंगलवार को विधायक देवेंद्र कादियान के नेतृत्व में गांधी नगर स्थित पांची रोड पर स्वच्छता अभियान चला गया। शुरुआत खेड़ी गुज्जर रोड पुल के नीचे से की गई। विधायक ने खुद झाड़ू उठाकर सफाई की। पांची रोड पर करीब दो किलोमीटर तक की गई।
अभियान के दौरान सड़क के किनारे जाम कूड़े के ढेर को बुलडोजर से हटवाया गया। विधायक ने कहा कि गन्नौर को स्वच्छ और सुंदर शहर बनाना है। विधायक ने कहा कि नपा में आबादी के अनुसार सफाई कर्मचारियों की कमी है। इसे दूर करने के लिए सरकार को पत्र लिखा गया है।
उन्होंने कहा कि यदि हर व्यक्ति कूड़ा इधर-उधर फेंकने के बजाय डस्टबिन में डाले तो गंदगी अपने आप खत्म हो जाएगी। इस दौरान नपा सचिव प्रदीप खर्ब, ब्लॉक समिति चेयरमैन अनिल कुमार, पार्षद दिनेश अदलखा, पूर्व पार्षद अंकित मल्होत्रा, पार्षद अजय सरोहा, नेत्रपाल रापरिया, सुभाष रोहिल्ला, गुड्डू आदि मौजूद रहे।
अतिक्रमण व कब्जा हटवाने की मांग
स्वच्छता अभियान के दौरान लोगों ने पांची रोड पर फैले अतिक्रमण व अवैध कब्जों का मुद्दा भी उठाया। लोगों ने बताया कि एक ओर दुकानदार सड़क तक सामान रखकर अतिक्रमण किए हुए है, जबकि दूसरी ओर पीडब्ल्यूडी की जमीन पर अवैध रूप से दुकानें और स्टैंड बनाए गए है। सड़क की चौड़ाई कम होने के कारण आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती है। लोगों ने गांधी नगर स्थित वाटर बूस्टर पर नियमित सफाई और मेंटेनेंस न होने और नर्सिंग होम के पास नाले के ओवरफ्लो रहने की समस्या से भी विधायक को अवगत कराया। विधायक ने अधिकारियों को समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए।