12वीं कक्षा की दहलीज पार कर महाविद्यालय में जाने का इंतजार कर रहे विद्यार्थियों के लिए राहत की खबर है। डीजीएचई ने महाविद्यालयों में दाखिले के लिए 12 अगस्त से पोर्टल खोलने का फैसला किया है, जिसके बाद महाविद्यालयों में दाखिले के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू की जाएगी। गत वर्ष की भांति ही इस बार भी आवेदन प्रक्रिया ऑनलाइन ही रहेगी।
विद्यार्थियों को वे सभी दस्तावेज अपलोड करने होंगे, जो दाखिले के लिए जरूरी होंगे। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 20 अगस्त तक चलेगी। इसके बाद दस्तावेजों की जांच कर 25 अगस्त को पहली कटऑफ जारी की जाएगी, जिसमें स्थान बनाने वाले विद्यार्थी को फीस जमा करवाने के लिए चार दिन का समय दिया जाएगा। उसके बाद 30 अगस्त को दूसरी कटऑफ जारी की जाएगी। महाविद्यालयों में एक सितंबर से कक्षाएं शुरू हो जाएंगी। उच्चतर शिक्षा विभाग ने इस बारे में अधिसूचना जारी कर दी है।
कोरोना संक्रमण के कारण इस बार 12वीं की परीक्षाएं रद्द कर दी गई थीं। वहीं एचबीएसई व सीबीएसई द्वारा परिणाम घोषित करने में भी अधिक समय लगा दिया। जिस कारण महाविद्यालयों में दाखिला प्रक्रिया समय पर शुरू नहीं हो सकी। महाविद्यालयों का कहना है कि भले ही दाखिला प्रक्रिया देरी से शुरू हो रही हो, लेकिन उन्होंने इसके लिए पहले से ही सभी तैयारियां शुरू कर दी थीं। विद्यार्थियों की पढ़ाई पर इसका असर न पड़े, इसके लिए प्रयास किए जाएंगे।
ऐसे चलेगी प्रक्रिया
-ऑनलाइन आवेदन के लिए पोर्टल खुलेगा 12 अगस्त
-ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि 20 अगस्त
-दस्तावेजों की ऑनलाइन जांच 22 अगस्त
-पहली मेरिट लिस्ट तैयार की जाएगी 23-24 अगस्त
-पहली कटऑफ 25 अगस्त
-ऑनलाइन फीस जमा करवानी होगी 25 से 28 अगस्त तक
-दूसरी मेरिट लिस्ट तैयार होगी 29 अगस्त को
-दूसरी कटऑफ 30 अगस्त
-फीस जमा करवाने का समय 30 से 31 अगस्त तक
-महाविद्यालयों में कक्षाएं शुरू होंगी 01 सितंबर से
सीटें खाली रहने पर होगी ओपन काउंसिलिंग
पहली और दूसरी कटऑफ के बाद भी अगर महाविद्यालयों में सीटें खाली रहती हैं तो एक सितंबर से दाखिला पोर्टल दोबारा खुलेगा, लेकिन इसके लिए महाविद्यालय प्रबंधन को ई-मेल के जरिये उच्चतर शिक्षा विभाग को आग्रह भेजना होगी, जिसके बाद डीजीएचई अगर अनुमति देता है तो पोर्टल दोबारा खुल जाएगा। ऐसी स्थिति में जो विद्यार्थी किसी कारणवश पहली दो कटऑफ जारी होने के बाद भी दाखिला नहीं ले पाए थे, वे आवेदन कर सकेंगे।
महाविद्यालयों में स्नातक की सीटें
महाविद्यालय सीटें
दीनबंधु छोटूराम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मुरथल 1168
भगत फूल सिंह महिला विश्वविद्यालय, खानपुर कलां 1435
राजकीय महिला महाविद्यालय, सोनीपत 340
राजकीय महिला महाविद्यालय, मुरथल 770
राजकीय महिला महाविद्यालय, मोहाना 240
राजकीय महिला महाविद्यालय, गोहाना 1080
शहीद दलबीर सिंह राजकीय महाविद्यालय, पीपली 320
हिंदू महाविद्यालय, सोनीपत 1020
टीकाराम कन्या महाविद्यालय, सोनीपत 1060
सीआरए महाविद्यालय, सोनीपत 940
जीवीएम कन्या महाविद्यालय, सोनीपत 1520
साउथ प्वाइंट कॉलेज, सोनीपत 900
गुरुनानक महाविद्यालय 400
ऑनलाइन आवेदन के लिए ये दस्तावेज जरूरी
- आधार कार्ड, 10वीं व 12वीं कक्षा प्रमाण-पत्र, रिहायशी प्रमाण-पत्र, फैमिली आईडी
- जाति प्रमाण-पत्र, गैप ईयर सर्टिफिकेट (जिनका गैप ईयर है) पासपोर्ट साइज फोटो व हस्ताक्षर की स्कैन कॉपी
- आय प्रमाण पत्र, 6 महीने से ज्यादा पुराना न हो
- चरित्र प्रमाण-पत्र
- ईमेल आईडी व मोबाइल नंबर
- माइग्रेशन सर्टिफिकेट
- बैंक खाते की पासबुक की फोटोकॉपी
- अगर कोई विद्यार्थी इडब्ल्यूएस कैटेगरी में फॉर्म भरता है तो उसका प्रमाण पत्र
वर्जन
महाविद्यालयों में दाखिले के लिए 12 अगस्त से पोर्टल खोला जाएगा, जिसके बाद विद्यार्थी ऑनलाइन माध्यम से आवेदन कर पाएंगे। शुरू होने वाली दाखिला प्रक्रिया को लेकर महाविद्यालय में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। विद्यार्थियों को किसी प्रकार की दिक्कत न हो, इसके लिए कारगर कदम उठाए गए हैं।
- डॉ. बीके गर्ग, प्राचार्य, हिंदू कॉलेज, सोनीपत