खेल राज्य मंत्री संदीप सिंह औचक निरीक्षण के दौरान हाजिरी रजिस्टर की जांच करते हुए।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
हरियाणा के खेल राज्य मंत्री संदीप सिंह ने सोमवार को सोनीपत में न्यू कोर्ट रोड स्थित हिंदू वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में चल रहे केंद्र का औचक निरीक्षण कर खेल व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान हाजिरी रजिस्टर में खामियां मिलने और खिलाड़ियों की संख्या में गड़बड़ी मिलने पर तलवारबाजी के प्रशिक्षक सतेंद्र को निलंबित करने के आदेश दिए। खेल मंत्री ने सख्त लहजे में कहा कि खिलाड़ियों के भविष्य को लेकर लापरवाही किसी सूरत में सहन नहीं होगी। इसके लिए वह लगातार जांच अभियान व औचक निरीक्षण जारी रखेंगे।
खेल राज्य मंत्री के निजी सहायक एवं मीडिया सलाहकार ने बताया कि हिंदू वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के खेल प्रशिक्षक सतेंद्र को लेकर शिकायत मिली थी। जिस उन्होेंने सोमवार को विद्यालय में चले रहे केंद्र का औचक निरीक्षण किया। खेल व्यवस्थाओं की पड़ताल की।
इस दौरान उन्होंने हाजिरी रजिस्टर से लेकर अन्य व्यवस्थाओं की जांच की। हाजिरी रजिस्टर में 1 से 11 अप्रैल तक की हाजिरी सही नहीं मिली। साथ ही अन्य कई प्रकार की खामियां मिलीं। जिसके आधार पर तलवारबाजी के खेल प्रशिक्षक सतेंद्र को निलंबित कर दिया गया।
खिलाड़ियों की गलत संख्या दर्शायी
खेल राज्य मंत्री संदीप सिंह के अनुसार खेल प्रशिक्षक ने अपने केंद्र को जारी रखने व तबादला होने से रोकने के लिए केंद्र में खिलाड़ियों की गलत संख्या दर्शायी। यह बड़ी अनियमितता है। साथ ही उन्हें शिकायत मिली थी कि खे प्रशिक्षक समय पर केंद्र में नहीं आते। लेटलतीफी की शिकायत को उन्होंने बेहद गंभीरता से लिया। जांच के उपरांत उन्होंने अपने निजी सहायक को निर्देश दिए कि तुरंत इनका निलंबन आदेश तैयार करें। उन्होंने तलवारबाजी के खेल प्रशिक्षक को भी मौके पर ही आदेश दिए कि आपको तुरंत प्रभाव से निलंबित किया जाता है।
प्रशिक्षक रखते हैं खिलाड़ियों के स्वर्णिम भविष्य की नींव : खेल राज्य मंत्री
खेल राज्य मंत्री संदीप सिंह ने कहा कि वह खेल-खिलाड़ियों के बेहतर भविष्य के लिए समर्पित हैं। इस दिशा में सुधार के लिए वे संकल्प ले चुके हैं, जिसके तहत वे दिन-रात प्रयासरत रहते हैं। खिलाड़ियों के स्वर्णिम भविष्य की नींव खेल प्रशिक्षक ही रखते हैं, जिनकी किसी भी प्रकार की शिकायत स्वीकार्य नहीं है। यदि भविष्य में भी कोई शिकायत मिलती है तो तुरंत कार्रवाई की जाएगी।