फोटो : साेनीपत के निजामपुर खुर्द मोड़ के पास सड़क किनारे लगी आग के दौरान उठता धुआं। स्रोत: पाठक
खरखौदा। क्षेत्र के खरखौदा-दिल्ली मार्ग पर निजामपुर खुर्द मोड़ के पास मंगलवार को सड़क किनारे अचानक आग लग गई। आग लगने से सड़क किनारे लगे कई पेड़ जल गए। उठते धुएं के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका। देखते ही देखते आग ने सड़क किनारे सूखी घास और पेड़ों को अपनी चपेट में ले लिया। आग से उठ रहा धुआं सड़क तक फैल गया जिससे काफी समय के लिए वाहन चालकों को आवाजाही में भी दिक्कत हुई। घटना की सूचना मिलने के बाद आसपास के लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया। आग आईएमटी क्षेत्र की तरफ फैलती चली गई जिससे काफी क्षेत्र में झाड़ियां भी जल गई।