-रायपुर गांव में स्वर्गीय गुरु रघुवीर पहलवान की स्मृति में हुआ कुश्ती दंगल
-महाबली सतपाल ने दंगल में पहुंचकर पहलवानों का बढ़ाया हौसला
संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। गांव रायपुर में मंगलवार को स्वर्गीय गुरु रघुवीर पहलवान की स्मृति में कुश्ती दंगल में देश के नामी पहलवानों के साथ उभरती प्रतिभाओं ने भाग लिया। महिला वर्ग के फाइनल मुकाबले में विश्व विजेता सोनीपत के गांव लाठ की काजल ने रोहतक की रितिका हुड्डा को हराकर भारत केसरी का खिताब अपने नाम किया। पुरुष वर्ग में हिसार के मिर्चपुर निवासी विक्की ने रौनक छत्रसाल स्टेडियम को पराजित कर भारत केसरी बनने का गौरव हासिल किया। दोनों विजेताओं को एक-एक लाख रुपये नकद राशि देकर सम्मानित किया गया।
काजल ने रितिका हुड्डा को हराकर जीता महिला भारत केसरी का खिताब
महिला वर्ग के फाइनल मुकाबले में पिछले दिनों विश्व विजेता बनकर लौटी सोनीपत की काजल और रोहतक की रितिका हुड्डा के बीच जोरदार टक्कर देखने को मिली। काजल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रितिका को शिकस्त दी और भारत केसरी का खिताब अपने नाम कर लिया। वहीं रितिका हुड्डा को दूसरे स्थान से संतोष करना पड़ा। खुशी दलाल और प्रियंका नांदल संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहीं।
विक्की मिर्चपुर ने रौनक को हराकर पुरुष वर्ग में मारी बाजी
पुरुष वर्ग के फाइनल मुकाबले में विक्की मिर्चपुर ने रौनक छत्रसाल स्टेडियम पहलवान को हराकर भारत केसरी का खिताब जीता। मुकाबले में विक्की ने शानदार कुश्ती का प्रदर्शन किया। रौनक दूसरे स्थान पर रहे, जबकि सागर जागलान और प्रवीन ने संयुक्त रूप से तीसरा स्थान हासिल किया।
विजेताओं को एक लाख, उपविजेताओं को 51 हजार रुपये का पुरस्कार
दंगल में महिला और पुरुष पहलवानों के लिए समान इनामी राशि निर्धारित की गई थी। प्रशिक्षक अनिल खत्री और अशोक सरोहा ने बताया कि महिला एवं पुरुष वर्ग के भारत केसरी विजेताओं को एक-एक लाख रुपये, उपविजेताओं को 51-51 हजार रुपये और संयुक्त रूप से तीसरा स्थान हासिल करने वाले पहलवानों को 31-31 हजार रुपये की नकद राशि प्रदान की गई। आयोजन समिति का उद्देश्य महिला और पुरुष पहलवानों को समान अवसर और सम्मान देना रहा।
महाबली सतपाल पहलवान ने विजेताओं को किया सम्मानित
दंगल में पहुंचे महाबली सतपाल पहलवान ने विजेता पहलवानों को सम्मानित कर उनका उत्साह बढ़ाया। इस अवसर पर भारत केसरी पहलवान संजय और सुभाष, राजसिंह तथा पंजाब पुलिस के एसपी मुकेश खत्री भी मौजूद रहे। इसके अलावा कोच अजय, नेवी के कोच कुलदीप, पिनाना के सुरेश पहलवान, जगबीर कोच, राजेश कोच और बलवान कोच ने भी आयोजन में शिरकत की।
गुरु रघुवीर पहलवान की कुश्ती विरासत को आगे बढ़ाने का संकल्प
अशोक सरोहा ने कहा कि स्वर्गीय गुरु रघुवीर पहलवान की स्मृति में उनके पैतृक गांव रायपुर में दंगल आयोजित करने का मुख्य उद्देश्य उनकी कुश्ती विरासत और परंपरा को आगे बढ़ाना है। साथ ही ग्रामीण क्षेत्र की युवा प्रतिभाओं को मंच प्रदान कर उन्हें कुश्ती के प्रति प्रोत्साहित करना भी आयोजन का अहम उद्देश्य रहा। दंगल में महिला और पुरुष पहलवानों के लिए बराबर की इनामी राशि रखकर खेल में समानता और महिला कुश्ती को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।
फोटो: सोनीपत के गांव रायपुर स्थित अखाडे़ में प्रतियोगिता के दौरान पहलवानों के हाथ मिलवाते अत
फोटो: सोनीपत के गांव रायपुर स्थित अखाडे़ में प्रतियोगिता के दौरान पहलवानों के हाथ मिलवाते अत