कुंडली बॉर्डर पर जीटी रोड बंद होने के चलते शहर से दिल्ली के बीच वाहनों की आवाजाही बढ़ती जा रही है। जिसमें भारी वाहनों की संख्या भी काफी अधिक है। वाहनों के बढ़ते दबाव के बीच पिपली से होकर गुजरने वाले कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेस-वे के मोड़ पर जाम की समस्या गहराने लगी है। जाम में घंटों वाहन चालक जाम में फंसे रहते हैं। खासकर सुबह-शाम यहां लंबा जाम लगता है। जिसे खुलवाने में पुलिस को भी मशक्कत करनी पड़ रही है।
जीटी रोड के कुंडली बॉर्डर पर किसान आंदोलन के चलते वाहनों का आवागमन बंद है। ऐसे में काफी संख्या में वाहन चालक वाया खरखौदा होते हुए औचंदी बार्डर से दिल्ली-हरियाणा के बीच आवागमन कर रहे हैं। जिससे खरखौदा-दिल्ली मार्ग पर वाहनों का दबाव बढ़ गया है। पिपली से होकर गुजरने वाले वाहनों के कारण केएमपी के टी-प्वाइंट पर रोजाना जाम लगने लगा है। जाम भी ऐसा कि कई-कई घंटों तक वाहन चालक इसमें फंसे रहते हैं।
शुक्रवार शाम भी करीब छह बजे खरखौदा-दिल्ली मार्ग पर केएमपी के टी-प्वाइंट पर जाम लग गया। जिससे दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। दिल्ली की तरफ वाहन सैदपुर तक जा पहुंचे तो खरखौदा की तरफ भी वाहनों की लंबी कतार पेट्रोल पंप तक पहुंच गई। खरखौदा पुलिस के साथ ही सैदपुर चौकी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मशक्कत के बाद जाम खुलवाया। रात नौ बजे के बाद जाम से निजात मिल सकी।
केएमपी के टी-प्वाइंट पर जाम लगने का मुख्य कारण है कि जो वाहन चालक केएमपी से नीचे उतरकर दिल्ली की तरफ जाते हैं उनके लिए एक अलग से सडक़ बनाई गई है। यह मुख्य मार्ग के पैरलल है। लेकिन केएमपी से खरखौदा की ओर जाने वाले वाहन चालक सीधे मुख्य मार्ग पर चढ़ते हैं। वाहनों का दबाव होने पर यही टी-प्वाइंट जाम का कारण बनता है।