खरखौदा। गांव सैदपुर के रहने वाले एक व्यक्ति ने गांव के ही कुछ लोगों के खिलाफ उस पर हमला कर घायल करने का आरोप लगाया है। उसने मामले की शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गांव सैदपुर के रहने वाले सुनील का कहना है कि उसने गांव के चौक पर किराने की दुकान खोल रखी है। वहीं पास में ही किराए के लिए कमरे बनाए हुए हैं, जहां पर कई किरायेदार रहते हैं। सुनील का कहना है कि उसे एक किरायेदार ने आकर बताया कि किरायेदार सन्नी उनके साथ झगड़ा कर रहा है। ऐसे में उसने जाकर उसे समझाया। अगले दिन सन्नी जिस ग्रामीण के पास काम करता है, वह अपने बेटे व भतीजे के साथ उसकी दुकान पर आया और उस पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इतना ही नहीं उनके बुलाने पर तीन अन्य युवक भी दुकान पर आ गए और दुकान में रखा सामान बाहर फेंक दिया। परिजनों के आने पर आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देकर चले गए और घायल सुनील को पीजीआई रोहतक में भर्ती करवाया गया। सैदपुर चौकी पुलिस ने घायल की शिकायत पर छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।