कच्चे क्वार्टर मार्केट में मेयर निखिल मदान व संयुक्त आयुक्त सुभाष चंद्र को निरीक्षण कराते प्रधा
- फोटो : Sonipat
शहर के कच्चे क्वार्टर मार्केट में दुकानदार खुद तीन दिन से अपनी दुकानों के सामने से कब्जा हटा रहे हैं, जिससे मार्केट काफी हद तक अतिक्रमण मुक्त हो चुकी है। दुकानदार अब प्रशासन से एक फुट जगह और देने की मांग कर रहे हैं। मार्केट में मंगलवार शाम मेयर निखिल मदान व संयुक्त आयुक्त सुभाष चंद्र ने भी निरीक्षण किया है। अब दुकानदारों के अतिक्रमण खुद ही हटाने के बाद दोबारा पैमाइश कराकर आगे की कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया है।
कच्चे क्वार्टर मार्केट में दुकानदारों की तरफ से किए गए अतिक्रमण को हटवाने के लिए 1 सितंबर को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नायब तहसीलदार बलवान सिंह के नेतृत्व में नगर निगम की टीम पहुंची थी। इस दौरान कार्रवाई का दुकानदारों ने विरोध किया था और 5 सितंबर तक का समय मांगा था। मार्केट के दुकानदारों ने 5 सितंबर से अपनी दुकानों के आगे से खुद अतिक्रमण हटाना शुरू कर दिया था। दुकानदार तीन दिन से खुद अतिक्रमण हटा रहे हैं। दुकानदारों ने मंगलवार शाम को मेयर निखिल मदान व संयुक्त आयुक्त सुभाष चंद्र को मार्केट में बुलाया था। वह मंगलवार को मार्केट में पहुंचे और वहां स्थिति देखकर संतोष जताया। इस दौरान मार्केट के प्रधान राकेश चोपड़ा ने कहा कि मार्केट में टूटी पड़ी सड़कों की मरम्मत की जाए। मार्केट में बिजली के लटक रहे तारों को बदलवाया जाए। आश्वासन दिया कि आगे अवैध कब्जा करने पर वह स्वयं कार्रवाई कराएंगे।
इस पर मेयर ने कहा कि मार्केट में सड़कों की मरम्मत कराने के लिए टेंडर लगाया जाएगा। प्रकाश व्यवस्था के लिए लाइट भी लगा दी जाएंगी। मार्केट में लगातार बढ़ी रही ई-रिक्शा की आवाजाही को लेकर अगले दो दिन में कदम उठाया जाएगा। सड़क से पानी निकासी के लिए नालियां बनाई जाएंगी। हालांकि इस दौरान दुकानदारों द्वारा एक फुट जमीन और छोड़ने की मांग पर कोई सहमति नहीं बन सकी।
वर्जन
कच्चे क्वार्टर मार्केट में ज्यादा अतिक्रमण होने के कारण दुकानदारों को नोटिस जारी किए थे। इसके बाद दुकानदारों ने खुद अतिक्रमण हटा दिया। कब्जे हटाने का कार्य लगातार जारी है। इसके पूरा होने के बाद दोबारा पैमाइश कराई जाएगी। मार्केट में भीड़ कम करने के लिए सुभाष चौक के पास पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए टेंडर अलॉट कर दिया गया है। जल्द ही वर्क आर्डर जारी कर दिया जाएगा। - सुभाष चंद्र, संयुक्त आयुक्त नगर निगम
कच्चे क्वार्टर मार्केट में दुकानों के आगे से स्लैब तोड़ते मजदूर। संवाद- फोटो : Sonipat