फोटो 09- सोनीपत के गोहाना में नागरिक अस्पताल के आईसीयू वार्ड पर लगा हुआ ताला। संवाद
गोहाना। बरोदा रोड स्थित उपमंडल में नागरिकों को आईसीयू (गहन देखभाल इकाई) की सुविधाएं नहीं मिल रही। 10 माह पहले तैयार किए गए आईसीयू पर आज भी ताला लटक रहा है। हालात यह हैं कि इसमें रखे उपकरणों की मियाद भी महज दो महीने की रह गई है। वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी का कहना है कि वह आईसीयू को चालू करने के लिए कई बार मुख्यालय मांग भेज चुके हैं, लेकिन मरीजों को आईसीयू की सुविधा उपलब्ध नहीं हो पा रही।
उपमंडल के नागरिक अस्पताल में स्वास्थ्य विभाग की तरफ से छह बेड का आईसीयू वार्ड तैयार किया गया था। इसमें सिविल सर्जन कार्यालय की तरफ से आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं। उपकरणों में वैक्यूम व एसी कंप्रेसर की वारंटी 12 महीने की दी गई थी। लेकिन 10 महीने से आईसीयू पर ताला लटका है। आईसीयू में पाइपलाइन, एसी, ऑक्सीजन, वैक्यूम व हवा के लिए तीन पाइपलाइन लगाए गए हैं। नागरिक अस्पताल में आईसीयू पर लाखों रुपये खर्च होने के बाद भी लोगों को इसकी सुविधा नहीं मिल रही है।
-
नागरिक अस्पताल में छह बेड का आईसीयू वार्ड तैयार किया गया था। इसमें ऑक्सीजन, वैक्यूम, हवा की फिटिंग व एसी की व्यवस्था की गई है। नागरिक अस्पताल में आईसीयू का स्टाफ उपलब्ध नहीं है। आईसीयू के स्टाफ के लिए मुख्यालय के पास मांग भेजी गई है।
- डॉ. संजय छिक्कारा, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी, गोहाना