सोनीपत। कोरोना संक्रमण के बीच मंगलवार का दिन लोगों के लिए कुछ राहत लेकर आया। एक तरफ जहां सोमवार को 799 संक्रमितों के मुकाबले मंगलवार को महज 326 संक्रमित मिले वहीं कोरोना को हराकर ठीक होने वालों का आंकड़ा 420 रहा। तीसरी लहर में एक दिन में कोरोना के सबसे ज्यादा मरीज ठीक हुए हैं। यह कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच सुखद संकेत है।
इसके साथ ही जिले में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 51 हजार 959 तक पहुंच गया है। संक्रमितों में सामान्य अस्पताल की महिला चिकित्सक और बीपीएस की महिला कर्मी भी शामिल हैं। 10 दिन से लगातार कोरोना के मरीज ज्यादा मिल रहे थे और ठीक होने वालों की संख्या कम थी। 400 से ज्यादा मरीज ठीक होने के साथ ही सक्रिय केस का आंकड़ा घटकर 2433 रह गया है। अब तक 49 हजार 269 मरीज कोरोना से ठीक हो चुके हैं।
सीएमओ डॉ. जयकिशोर ने बताया कि मुरथल विवि में 20 साल की युवती, खेलकूद स्कूल राई में 52 व 56 साल की दो महिला, जिला अस्पताल की 50 वर्षीय महिला चिकित्सक, नागरिक अस्पताल गोहाना की 46 वर्षीय महिला कर्मी, सेक्टर-7 में 58 वर्षीय व्यक्ति व उसकी 55 वर्षीय पत्नी, मॉडल टाउन में बुजुर्ग दंपती व 30 वर्षीय युवक, मुरथल विवि में तीन साल की बच्ची, राठधना में एक ही परिवार के तीन सदस्य, सेक्टर-23 में 62 वर्षीय व्यक्ति व उसका 29 वर्षीय बेटा, मुरथल में पांच ग्रामीण, गोहाना शहर में 14 लोग, जवाहर नवोदय विद्यालय में तीन छात्र, निफ्टम कुंडली में 35 वर्षीय युवक व उसकी पांच वर्षीय बेटी, सेक्टर-12 में 31 वर्षीय महिला व 56 वर्षीय महिला व जिला कारागार में 37 वर्षीय युवक कोरोना संक्रमित मिले हैं।
मंगलवार को 2000 लोगों के सैंपल लिए गए
जिले में कोरोना संक्रमित मरीज लगातार मिल रहे हैं। मंगलवार को 2000 लोगों की कोरोना जांच के लिए सैंपल लिए गए। इसमें 1595 आरटी पीसीआर और 405 रेपिड एंटीजन टेस्ट शामिल रहे। रेपिड एंटीजन टेस्ट की सभी रिपोर्ट मंगलवार को ही प्राप्त हो गई। इसमें से 35 लोगों की रिपोर्ट संक्रमित पाई गई और इनमें से चार लोगों को अस्पताल में भर्ती किया गया। इसकी संक्रमण दर 8.64 प्रतिशत रही। वहीं आरटी पीसीआर की पुरानी 1832 रिपोर्ट भी प्राप्त हुई। इसमें से 291 लोगों की रिपोर्ट संक्रमित पाई गई हैं। आरटीपीसीआर की रिपोर्ट आने के बाद सभी लोगों को होम आईसोलेट कर दिया गया है। आरटी पीसीआर की संक्रमण दर 15.88 प्रतिशत रही।
सक्रिय केस की संख्या घटकर 2433 हुई
जिले में 420 मरीजों के ठीक होने के बाद सक्रिय केसों की संख्या घटकर 2433 हो गई है। कोरोना संक्रमित का आंकड़ा 51 हजार 959 हो गया है। वहीं कोरोना से अब तक 49 हजार 269 मरीज ठीक हो चुके हैं। कोरोना के कारण अब तक 257 लोगों की मौत हो चुकी है। लगातार मिल रहे कोरोना के मरीजों को देखते हुए सिविल सर्जन डॉ. जयकिशोर ने लोगों से सामाजिक दूरी का पालन करने और मास्क लगाने की अपील की है। साथ ही कहा कि अगर किसी व्यक्ति को बुखार, खांसी, जुकाम है तो वह स्वास्थ्य केंद्रों पर जाकर अपना कोरोना टेस्ट जरूर कराएं।
बाजार में भीड़, चेहरे पर नहीं मास्क, सैनिटाजर नहीं दिख रहा
जिले में कोरोना के केस लगातार मिलने के बावजूद लोग लगातार लापरवाही बरत रहे हैं। कच्चे क्वार्टर बाजार का नजारा तो कुछ यूं ही बयां कर रहा है। बाजार में लोग सामाजिक दूूरी का पालन नहीं कर रहे हैं। लगातार बाजार में भीड़ बनी रहती है। इतना ही नहीं ज्यादातर लोगों के चेहरे से मास्क गायब ही रहता है। कुछ लोग ही मास्क लगाए दिख रहे हैं। वहीं सैनिटाइजर पूरी तरह से गायब हो चुका है। पहले जहां लोगों की जेब में सैनिटाइजर की बोतल रहती थी वहीं अब दुकानों पर भी सैनिटाइजर दिखाई नहीं दे रहा है।