गुड़मंडी स्थित एक घर में रखे कूलर में लारवा चेक करते एमपीएचडब्ल्यू प्रवेश कुमार। संवाद
- फोटो : Sonipat
जिले में लगातार डेंगू के केस मिल रहे हैं। बीपीएस मेडिकल कॉलेज से सोमवार को चार मरीजों में डेंगू की पुष्टि होने की रिपोर्ट मिली है। अब जिले में डेंगू के केस बढ़कर 39 तक पहुंच गए हैं। लगातार बढ़ रहे डेंगू के मामलों को लेकर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी अलर्ट हैं। ऐसे में स्वास्थ्य कर्मी रोजाना ग्रामीण क्षेत्र व शहर की कॉलोनियों में जाकर सर्वे कर रहे हैं।
जिन रिहायशी इलाकों में डेंगू के ज्यादा मरीज मिल रहे हैं, उनमें विभाग की ओर से मेडिकेटिड मच्छरदानियां वितरित की जा रही हैं। विभाग की ओर से शहरी इलाकों में ऐसी कई कॉलोनियों को चिह्नित किया गया है, जहां डेंगू के मरीज लगातार सामने आ रहे हैं। इन कॉलोनियों में ब्रीडिंग जांच टीमें भी लगातार काम कर रही हैं। कॉलोनी के हर घर में कूलर, गमले, पुराने टायरों समेत उन सभी जगहों को चेक किया जा रहा है, जहां डेंगू मच्छर के पनपने की आशंका होती है। वहीं जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. अनविता कौशिक ने सोमवार को जिला अस्पताल की दूसरी मंजिल पर बनाए गए डेंगू वार्ड का निरीक्षण किया। साथ ही उन्होंने डेंगू लैब में जाकर व्यवस्था देते और वहां पर कार्यरत लैब तकनीशियनों को जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए।