गन्नौर में युवक को खेत में ले जाकर उसे उल्टा लटकाकर पीटने का वीडियो वायरल होने के मामले में पीड़ित के सामने आने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को काबू कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में दो नाबालिग भी हैं।
युवक को खेत में ले जाकर उसे उल्टा लटकाकर पीटने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। मामला गन्नौर का बताया जा रहा था। पुलिस ने जांच शुरू कर दी थी। मामले में अब पीड़ित सामने आया है। वह नाबालिग है और गन्नौर का रहने वाला है। उसने पुलिस को बताया कि वह डीजे का काम करता है। उसकी चार सितंबर को उसके पड़ोसी नाबालिग आरोपी से कहासुनी हो गई थी। 5 सितंबर को उसके पड़ोसी के बुलाने पर वह गांधी नगर में भोले के मंदिर के पास पहुंचा। वहां एक अन्य युवक विशाल भी खड़ा था। वह उसे मृत गाय को दबाने का बहाना बनाकर खेत में ले गए। अगवानपुर स्टेडियम के पास राहुल व एक और नाबालिग मिला। चारों ने उसे उल्टा लटकाकर पीटा था। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर चारों आरोपियों को पकड़ लिया है। उनसे वारदात में प्रयुक्त डंडा और रस्सी बरामद कर ली है। चारों को जमानत मिल गई है।