नेशनल हाईवे-44 पर राई के पास आग लगने के बाद ढांचा बनी कार। संवाद
- फोटो : Sonipat
नेशनल हाईवे-44 पर राजीव गांधी एजुकेशन सिटी के पास सेंट्रो कार में आग लग गई। चालक ने कार को सड़क के किनारे खड़ी कर वहां से चला गया। कार में आग लगी देख मौके पर जुटी लोगों की भीड़ ने पुलिस या अग्निशमन विभाग को सूचना न देकर वीडियो बनाते रहे। बाद में हाईवे से गुजर रही अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो खिलाड़ी पूजा चौधरी ने पुलिस व फायर ब्रिगेड को अवगत कराया। टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। कार मालिक के बारे में पुलिस जानकारी जुटा रही है।
शुक्रवार रात को राजीव गांधी एजुकेशन सिटी के पास एनएच-44 पर जा रही एक सेंट्रो कार में अचानक आग लग गई। बताया जा रहा है कि चालक ने कार को एक तरफ खड़ी कर दिया। जिसके बाद कार धू-धू कर जल गई। कार में आग लगी देख आसपास से लोग वहां पर इकट्ठा तो हो गए, मगर पुलिस व फायर ब्रिगेड को सूचना देने के बजाय मोबाइल पर वीडियो बनाते रहे। इस दौरान वहां से स्कूटी पर जा रही अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो खिलाड़ी व प्रशिक्षक पूजा चौधरी ने आग लगने की सूचना पुलिस या अग्निशमन को देने के बारे में जानकारी ली तो उन्होंने मना कर दिया। जिस पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने अग्निशमन विभाग को सूचना देने के साथ मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। जिसके कुछ देर बाद अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कार में लगी आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक कार ढांचे में बदल चुकी थी। कार चालक की कोई जानकारी नहीं मिल सकी। पुलिस कार चालक के बारे में पता लगा रही है।
लोग बना रहे थे वीडियो, पुलिस तक को नहीं दी जानकारी
अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो खिलाड़ी पूजा चौधरी ने बताया कि वह रात को सोनीपत से राई स्कूल की तरफ जा रही थी। उन्होंने कार में आग लगी देख लोगों से पुलिस को सूचना देने के बारे में पूछा तो सभी ने मना कर दिया। यहां तक की लोगों ने अपने मोबाइल से कॉल करने से भी मना कर दिया। जिस पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस के आने के बाद ही वह राई स्कूल स्थित में चली गईं। पूजा चौधरी ने वर्ष 2017 में कनाडा में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स में पदक जीता था। वह फिलहाल खेल विभाग में जूनियर प्रशिक्षक के पद पर नियुक्त है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि इस तरह आग लगी देख पहले पुलिस व अग्निशमन विभाग को सूचित करें। ताकि कार के अंदर कोई व्यक्ति हो तो उसे बचाया जा सके।
कार में आग लगने की सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंच गई थी। जिसके बाद आग पर काबू पाया गया। आग लगने की सूचना उच्च अधिकारियों से मिली थी। -पवन कुमार, कर्मी अग्निशमन विभाग
आग लगने की सूचना के बाद तुरंत अग्निशमन विभाग को अवगत कराया गया। जिसके बाद टीम मौके पर पहुंची। वहां कार मालिक या चालक नहीं मिला। उसके बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। -कृष्ण कुमार, जांच अधिकारी, थाना राई।
नेशनल हाईवे-44 पर राई के पास कार में लगी आग। संवाद- फोटो : Sonipat