राई स्थित रबड़ के मैट बनाने वाली कंपनी में आग से लाखों का सामान जल गया। कुंडली स्थित जूता फैक्टरी में मशीन, तैयार व कच्चा माल और बिल्डिंग में नुकसान हुआ है। आग पर काबू पाने के लिए राई में 4 तो कुंडली में दमकल विभाग की दो गाडियां पहुंची।
कुंडली स्थित फैक्टरी में जले सामान को देखता व्यक्ति। दूसरी ओर राई स्थित रबड़ फैक्टरी में लगी आग पर काबू पाने पहुंची अग्निशमन विभाग की गाड़ी, फैक्टरी से उठता धुआं।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
हरियाणा के सोनीपत जिले में राई व कुंडली औद्योगिक क्षेत्र स्थित दो फैक्टरियों में लगी आग से हड़कंप मच गया। आग से दोनों फैक्टरी मालिकों को भारी नुकसान हुआ है। राई स्थित रबड़ के मैट बनाने वाली फैक्टरी में अग्निशमन विभाग की चार व कुंडली स्थित जूता फैक्टरी में दो गाड़ी पहुंची और आग पर काबू पाया। आकलन के बाद नुकसान का पता लग सकेगा।
विज्ञापन
कुंडली औद्योगिक क्षेत्र स्थित जूता फैक्टरी में बुधवार दोपहर करीब डेढ़ बजे आग लग गई। इससे फैक्टरी में हड़कंप मच गया। कर्मियों को बाहर निकालने के साथ ही फायर हाइड्रेंट से आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया गया। हालांकि आग बढ़ती चली गई। जिस पर कुंडली स्थित अग्निशमन केंद्र को सूचना दी गई। वहां से दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं।
अग्निशमन विभाग की टीम व कंपनी कर्मियों ने फायर हाईड्रेंट की मदद से आग पर काबू पाया। आग से फैक्टरी में भारी नुकसान हुआ है। फैक्टरी प्रबंधन के अनुसार आग से तैयार व कच्चा माल जलने के साथ ही कई मशीनें भी जल गईं। इसके साथ ही बिल्डिंग को भी काफी नुकसान हुआ है। उनका कहना है कि जांच के बाद ही आग से हुए नुकसान का पता लग सकेगा।
विज्ञापन
वहीं राई औद्योगिक क्षेत्र स्थित हंस रबड़ फैक्टरी में बुधवार दोपहर करीब ढाई बजे आग लग गई। फैक्टरी में अचानक लगी आग से रबड़ से धुआं उठने लगा। जिससे पूरी कंपनी में धुआं का गुबार छा गया। जिसके बाद कर्मियों को बाहर निकाला गया। राई औद्योगिक मैन्युफैक्चरिंग एसोसिएशन के प्रधान राकेश देवगन ने बताया कि घटना के समय फैक्टरी मालिक परमहंस सोलंकी बाहर थे।
मामले की सूचना उनके साथ ही अग्निशमन विभाग की टीम को दी गई। सूचना के बाद पहुंची अग्निशमन विभाग की चार गाड़ियों ने आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू कर दिया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। प्रधान राकेश देवगन ने बताया कि आग से लाखों का नुकसान हुआ है। हालांकि आकलन के बाद ही इसका पता लग सकेगा। राई औद्योगिक क्षेत्र स्थित फैक्टरी में लगी आग से आसमान में धुएं का गुबार छा गया। फैक्टरी के बाहर लोगों की भीड़ लग गई।
औद्योगिक क्षेत्र की फैक्टरी आ रही चपेट में
कुंडली के साथ ही राई, खरखौदा व बड़ी क्षेत्र की फैक्टरी आग की चपेट में आ रही है। लगातार आग लगने से फैक्टरी मालिकों को नुकसान का सामना करना पड़ रहा है। आग लगने के मामले गर्मी के साथ बढ़ते ही जा रहे हैं।
बुधवार दोपहर को पहले कुंडली औद्योगिक क्षेत्र स्थित फैक्टरी व बाद में राई औद्योगिक क्षेत्र स्थित फैक्टरी में आग की सूचना मिली। दोनों स्थानों पर तुरंत फायर टेंडर भेजे गए। मशक्कत के बाद दोनों स्थानों पर आग पर काबू पा लिया गया। जांच के बाद आग लगने के कारणों का पता लग सकेगा। -राजेंद्र दहिया, सहायक मंडल अग्निशमन अधिकारी, सोनीपत