कुंडली। कुंडली औद्योगिक क्षेत्र के फेज-4 स्थित प्लास्टिक का सामान बनाने वाली एक फैक्टरी में मंगलवार शाम अचानक आग लग गई। इससे कर्मचारियों में भगदड़ मच गई। लोगों ने इसकी सूचना अग्निशमन विभाग को फोन से दी। इस पर मौके पर अग्निशमनकर्मी गाड़ियां लेकर पहुंचे। साथ ही अग्निमशन अधिकारी ने पानीपत के समालखा से भी एक गाड़ी बुलाई। दमकलकर्मियों ने आठ गाड़ियों की मदद से करीब तीन घंटे में आग पर काबू पाया। फैक्टरी में आग लगने के कारणों का पता नहीं लग पाया है। बताया जाता है कि आग से लाखों का नुकसान हुआ है।
कुंडली औद्योगिक क्षेत्र के फेज-4 स्थित फ्रंटलाइन पेकवर्ल्ड कंपनी में मंगलवार शाम करीब पांच बजे अचानक आग की लपटें उठने लगीं। फैक्टरी में आग लगी देख वहां काम कर रहे श्रमिकों में भगदड़ मच गई। उसी दौरान फैक्टरी के बाहर से गुजर रही पैट्रोलिंग टीम के सदस्य गुरदीप सिंह, शमशेर सिंह, पवन, जगसीर, जितेंद्र व योगेश ने टीम को सूचित किया और अग्निशमनकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। दमकल कर्मियों ने फैक्टरी में लगी आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू कर दिए। आग की भयावता को देखते हुए सोनीपत, राई व पानीपत के समालखा से भी गाड़ियां बुलानी पड़ी। फैक्टरी में आग लगने के बाद यहां काम करने वाले सभी मजदूर दौड़कर बाहर निकल आए। कर्मचारियों ने आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू कर दिए, लेकिन आग बढ़ती चली गई। कुछ ही देर में आग पूरी फैक्टरी में फैल गई। जिससे कच्चा व तैयार माल जलकर नष्ट हो गया। अग्निशमन विभाग की टीम ने करीब तीन घंटे में आग काबू पाया।