कृषि कानूनों को रद्द कराने की मांग को लेकर दिल्ली की सीमाओं पर धरना दे रहे किसानों ने 27 सितंबर को भारत बंद के आह्वान से पहले भीड़ बढ़ाने के लिए कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन करने का निर्णय लिया है। संयुक्त किसान मोर्चा ने कहा कि किसानों में जोश भरने के लिए कबड्डी का महाकुंभ आयोजित कर रहे हैं।
संयुक्त किसान मोर्चा की तरफ से टीकरी व कुंडली बॉर्डर पर कबड्डी के महा मुकाबले आयोजित करवाए जाएंगे, जिनमें देश के साथ ही विदेशों से भी टीम भाग लेंगी। मोर्चा के साथ इसके आयोजन में सिखों के कई क्लब भी योगदान करेंगे। 22 से 23 सितंबर को कबड्डी के मुकाबले टीकरी बॉर्डर पर तो 24, 25 व 26 सितंबर को कुंडली बॉर्डर पर आयोजित होंगे। संयुक्त किसान मोर्चा ने तय किया है कि भारत बंद से पहले किसानों में जमकर जोश भरा जाएगा। विजेता टीमों के लिए आकर्षक इनाम भी रखे गए हैं।
मोर्चा के सदस्य मंजीत राय ने बताया कि कबड्डी मुकाबलों में पंजाब, हरियाणा, यूपी, तमिलनाडु, महाराष्ट्र समेत अनेक राज्यों के अलावा अंतरराष्ट्रीय टीमें भी भाग लेंगी। जिनमें आस्ट्रेलिया, अमेरिका, इंग्लैंड जैसे देशों की टीमें शामिल हैं। यह खिलाड़ी आयोजन स्थलों पर पहुंच चुके हैं और मुकाबलों के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। मुकाबले खत्म होने के अगले दिन 27 सितंबर को भारत बंद का आह्वान किसानों ने किया है।