सोनीपत। कुंडली-सिंघु बॉर्डर पर किसानों के आंदोलन के दौरान टेंट लगाने के लिए नेशनल हाईवे (एनएच)-44 पर बीचोंबीच गाड़े गए लोहे के मोटे पाइप व सरिया के टुकड़े बड़े हादसे का सबब बन सकते हैं। आंदोलन समाप्ति के बाद किसान पाइप व सरियों को करीब दो इंच ऊपर से काटकर ले गए थे। ऐसे में अब पाइप व सरिया के टुकड़े वाहनों के लिए घातक साबित हो सकते हैं। थोड़ी सी असावधानी होते ही गाड़ी का टायर फटने और हादसा होने का डर बना रहता है।
कुंडली-सिंघु बॉर्डर खुलने के बाद यहां से रोजाना 50-55 हजार वाहन आवागमन कर रहे हैं। आंदोलन के दौरान प्याऊमनियारी से लेकर कुंडली व सिंघु बॉर्डर तक किसानों ने अपनी झोपड़ी व टेंट लगाने के लिए लोहे के पाइप लगाए थे। साथ ही दिल्ली पुलिस ने सड़क में सरिया गाड़े थे। ऐसे में किसानों के जाने के बाद काटकर दर्जनों जगह छोड़े गए पाइप के टुकड़े बीच सड़क हादसों को न्योता दे रहे हैं। संयुक्त किसान मोर्चा द्वारा किसान आंदोलन स्थगित किए जाने की घोषणा के बाद 11 दिसंबर को किसानों की वापसी हो गई थी। इसके बाद केएमपी-केजीपी जीरो प्वाइंट से लेकर सिंघु बॉर्डर तक सड़क को दुरुस्त किया गया था। 3 दिन तक सड़क की मरम्मत के बाद 15 दिसंबर को शाम के समय से रास्ता खोल दिया गया था और फिलहाल छोटे वाहनों को दिल्ली आवागमन की अनुमति दी गई है। इससे वाहन चालकों को राहत मिली है, लेकिन अब सामने आया है कि बीच सड़क जगह-जगह पाइपों के टुकड़े छोड़े गए हैं, जो वाहनों के लिए हादसों का कारण बन सकते हैं। कई वाहन इन पाइप के टुकड़ों के कारण क्षतिग्रस्त हो चुके हैं।
कोहरे में बढ़ेगी ज्यादा मुसीबत
सर्दी के मौसम में अब कोहरा शुरू होगा। अभी कोहरा नहीं होने से वाहन चालक को पाइप व सरिया के टुकड़े दिख जाते है, लेकिन कोहरा शुरू होने के बाद हर समय हादसे का भय बना रहेगा। इसे लेकर जल्द पहल किए जाने की आवश्यकता है।
---------
वाहन चालकों का कहना
एनएच-44 पर रास्ता खुलने के बाद से यहां से आवागमन होता है। रास्ता खुलने से राहत मिली है लेकिन अब बीच सड़क लोहे के पाइप मुसीबत बन गए हैं। यह नुकीले टुकड़े कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं। प्रशासन व एनएचएआई को मरम्मत के समय इन्हें निकालना चाहिए था। अब तुरंत प्रभाव से इन्हें निकलवाया जाना चाहिए।
- देवेंद्र गौतम, वाहन चालक
रास्ता खुलने के बाद काफी राहत मिली थी। बीच सड़क पर गड्ढे व पाइपों को देखकर हादसे का डर बना रहता है। यह पाइप तुरंत निकाले जाने चाहिए। यहां से रोजाना हजारों वाहन गुजरते हैं। धुंध में ज्यादा दिक्कत होगी। अधिकारियों को तुरंत इस पर संज्ञान लेना चाहिए।
- शिवम कौशिक, वाहन चालक
वर्जन
हाईवे पर पाइपों को तुरंत निकालने की योजना बनाई गई है। वीरवार को एनएचएआई द्वारा इन पाइपों को ड्रिल मशीनों की मदद से निकाला जाएगा। वाहन चालकों के लिए सड़क को दुरुस्त किए जाने का प्रयास किया जा रहा है। गड्ढों को भी भरा जा रहा है।
- आनंद दहिया, डीजीएम, एनएचएआई