सोनीपत। लोगों को बेहतर सुविधा मुहैया करवाने का दावे करने वाले जिला समाज कल्याण विभाग ने लोगों को अपना काम करवाने के लिए घंटा-घंटा इंतजार करना पड़ रहा है। जहां सरकार लोगों को घर बैठे बुढ़ापा, विधवा, विकलांग आदि पेंशन मुहैया करवाने का दावा कर रही है, वहीं पात्र लोगों को कार्यालय में दस्तावेज सत्यापन के लिए काफी देर तक साहब का इंतजार करना पड़ रहा है। जिला समाज कल्याण विभाग में वीरवार को दस्तावेज सत्यापन के लिए पहुंचे राई ब्लॉक के पात्र लोगों को अपना कार्य करवाने के लिए डेढ़ घंटे कर्मचारी का इंतजार करना पड़ा।
लघु सचिवालय स्थित जिला समाज कल्याण विभाग के कार्यालय में नई सूची के तहत पात्रों के दस्तावेज सत्यापन का कार्य शुरू कर दिया गया है। इसके तहत वीरवार को तीन ब्लॉक के नए पात्र लोगों को दस्तावेज सत्यापन के लिए कार्यालय में बुलाया गया। इन ब्लॉक में सोनीपत, राई व मुरथल के पात्र शामिल रहे। जहां एक ओर से सोनीपत व मुरथल ब्लॉक के पात्र का कार्य जारी रहा, वहीं देखते-देखते कार्यालय में दस्तावेज सत्यापन करवाने आए राई ब्लॉक के पात्रों की लंबी लाइन लग गई। सुरेश कुमार, कर्मबीर, दयानंद व वीरेंद्र आदि पात्र लोगों ने आरोप लगाया कि उन्हें कार्यालय में बुलाने के बाद कर्मचारी सीट से नदारद है। कार्यालय में बुलाने के बावजूद उनकी कोई सुनवाई नहीं की जा रही है।
बुढ़ापा पेंशन के लिए राई ब्लॉक से 4 माह पहले ऑनलाइन आवेदन किया था। उन्हें कल दस्तावेज सत्यापन के लिए फोन आया था। वह वीरवार सुबह 11 बजे जिला समाज कल्याण विभाग पहुंचे, लेकिन उन्हें काउंटर पर कर्मचारी नहीं मिला। एक घंटे से कर्मचारी का इंतजार कर रहे हैं।
रामदेई, अटेरना
राई ब्लॉक के सेरसा, नाहरी, रसोई व कुंडली सहित कई गांव के पात्र लोगों को बुढ़ापा, विकलांग व विधवा पेंशन के लिए अपने दस्तावेज सत्यापन करवाने के लिए पहुंचे हैं। सुबह 11 बजे से लाइन में खड़े होकर कर्मचारी का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन डेढ़ घंटा बीत जाने के बाद भी कर्मचारी सीट पर नहीं आया है।
महेंद्र, राई
दो साल पहले बुढ़ापा पेंशन के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था। सरकार घर बैठे पेंशन मुहैया करवाने का दावा कर रही है, जबकि अब जाकर उन्हें दस्तावेज सत्यापन के लिए कार्यालय में बुलाया गया है। कार्यालय में करीब एक घंटे से लाइन में खड़े होकर कर्मचारी का इंतजार कर रहे हैं।
चंद्रपाल, कुंडली
कुंडली क्षेत्र में छह माह पहले विकलांग पेंशन के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था। आज दस्तावेज सत्यापन के लिए कार्यालय में बुलाया गया, लेकिन कर्मचारी सीट पर नहीं मिला। काफी इंतजार के बाद भी उनकी सुनने वाला कोई नहीं है। लोगों के कार्य में लापरवाही बरती जा रही है।
पृथ्वीस, कुंडली
लाइन में खड़े लोग कई बार कर्मचारी के बारे में पूछ चुके हैं, लेकिन डेढ़ घंटा बीत जाने के बावजूद उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं दिया जा रहा है। कार्यालय में आने वाले बुजुर्गों के लिए न ही पीने के पानी की कोई व्यवस्था है और न ही पंखे लगाए गए हैं। गर्मी में भी लाइन लगाकर खड़े रहना पड़ रहा है।
सतीश कुमार, राई
वर्जन -
नए पेंशन पात्र लोगों को कार्यालय में बुलाकर दस्तावेज सत्यापन का कार्य शुरू कर दिया गया है। वीरवार को लघु सचिवालय स्थित कार्यालय में सोनीपत, राई व मुरथल ब्लॉक के पात्रों को एक दिन पहले फोन पर सूचना देकर बुलाया गया, ताकि जल्द उनके कार्य करवाकर पेंशन शुरू करवा दी जाए। फिलहाल कार्यालय में कर्मचारियों का अभाव है। राई ब्लॉक का कार्य देखने वाले कर्मचारी की ड्यूटी समाधान शिविर में लगाई गई थी, इसलिए कर्मचारी को शिविर भेजा गया था। वापस आकर कर्मचारी ने कार्य शुरू कर दिया था।
जोगिंद्र राठी, लेखा अधिकारी, समाज कल्याण विभाग