सोनीपत। राजकीय विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2024-25 के लिए दाखिला प्रक्रिया शुरू करने के लिए प्रवेश उत्सव कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें नई शिक्षा नीति के तहत ड्राप आउट बच्चों को भी शिक्षा की मुख्य धारा से जोड़ने की पहल की जाएगी। वहीं राजकीय विद्यालयों में विद्यार्थी संख्या बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा। प्रवेश उत्सव कार्यक्रम के क्रियान्वयन को लेकर विद्यालय शिक्षा निदेशालय ने जरूरी दिशा निर्देश जारी किए हैं।
विद्यालय शिक्षा निदेशालय की तरफ से जारी निर्देशों में कहा है कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति में पूर्व प्राथमिक से 18 वर्ष तक की आयु के प्रत्येक बच्चे को शिक्षा की मुख्य धारा में लाना है। इसके साथ ही 6 से 14 वर्ष तक के बच्चों का 100 फीसदी नामांकन, ठहराव बनाए रखना, स्थानांतरण करवाना, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करवाना अनिवार्य अंग है। प्रवेश उत्सव के तहत सभी स्कूल को निर्देश दिए गए हैं कि किसी कक्षा को पास करने वाले विद्यार्थियों का अगली कक्षा में उसी दिन नामांकन कर दिया जाएगा। नए स्कूल में बच्चों का स्वागत तिलक लगाकर व फूल माला पहनाकर किया जाएगा। पांचवीं कक्षा से छठी कक्षा में जाने वाले बच्चों का 100 फीसदी दाखिला करने के निर्देश दिए हैं।
शहीदी दिवस से होगा प्रवेश उत्सव का आगाज
प्रवेश उत्सव कार्यक्रम का आगाज भगत सिंह, सुखदेव व राजगुरु के शहीदी दिवस यानी 23 मार्च से किया जाएगा। यह उत्सव 13 अप्रैल बैसाखी तक चलेगा। प्रवेश उत्सव कार्यक्रम में दी जाने वाली सुविधाओं से आम नागरिकों, विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों को अवगत कराया जाएगा। इसके लिए विद्यालयों में एसएमसी व स्कूल मुखियाओं की तरफ से दाखिला संबंधी सूचना का बैनर निजी विद्यालयों की भांति लगाया जाना है। जिन विद्यालयों में 11वीं कक्षा में विज्ञान संकाय है, ऐसे विद्यालय अपने क्षेत्र के बच्चों को स्कूल में लाएंगे। इसके लिए विशेष नामांकन अभियान चलाया जाएगा।
एक अप्रैल से शुरू होंगे दाखिले
राजकीय विद्यालयों में दाखिला प्रक्रिया एक अप्रैल से शुरू की जाएगी। 31 मार्च को रविवार होने के कारण सभी राजकीय विद्यालयों में 30 मार्च को वार्षिक परीक्षा परिणाम घोषित किए जाएंगे। विशेष बात यह है कि इसी दिन बच्चों को अगली कक्षा की पुस्तकें भी वितरित की जाएंगी। इसके लिए प्रत्येक स्कूल को व्यापक प्रचार-प्रसार करने व प्रत्येक बच्चे तक पहुंच बनाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। कक्षाओं का आरंभ भी अप्रैल माह से ही करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए 10 अप्रैल तक बच्चों के दाखिले की रिपोर्ट बनाकर प्रत्येक विद्यालय, खंड एवं जिलास्तर पर उपलब्ध करवाई जानी है। कोई बच्चा इस दौरान छूट गया है तो उसकी सूचना अलग से तैयार की जाएगी।
वर्जन
विद्यालय शिक्षा निदेशालय ने सभी राजकीय स्कूलों में प्रवेश उत्सव शुरू करने के निर्देश दिए हैं। 23 मार्च से 13 अप्रैल तक चलने वाले प्रवेश उत्सव में ड्राप आउट बच्चों को शिक्षा की मुख्य धारा से जोड़ा जाएगा। साथ ही स्कूलों में विद्यार्थी संख्या बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा। इस संबंध में सभी बीईओ को उचित दिशा निर्देश दे दिए गए हैं। -नवीन गुलिया, जिला शिक्षा अधिकारी, सोनीपत
नवीन गुलिया, जिला शिक्षा अधिकारी, सोनीपत