खरखौदा। उच्चतर शिक्षा विभाग, पंचकूला की उप निदेशक डाॅ. वीना रानी ने पिपली स्थित शहीद दलबीर सिंह राजकीय महाविद्यालय का दौरा किया। यहां जिला के सभी राजकीय महाविद्यालयों के प्राचार्य, कार्यकारी प्राचार्य व प्रभारियों की बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता उप निदेशक डाॅ. वीना रानी व महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. तराना नेगी ने की।
बैठक का उद्देश्य छात्र हित को ध्यान में रखते हुए महाविद्यालयों के सहायक प्राध्यापकों के समायोजन, नैक मान्यता की प्रक्रिया व स्मार्ट कक्षाओं जैसी सुविधाओं को बेहतर बनाने पर चर्चा करना रहा। जिला के सभी महाविद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता को बढ़ावा देने के लिए बैठक में विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया गया। डाॅ. वीना रानी ने सभी प्राचार्य को निर्देश दिए कि वह छात्र हित को सर्वोपरि मानते हुए महाविद्यालय में सभी आवश्यक संसाधनों का उचित प्रबंध सुनिश्चित करें। साथ ही उन्होंने नैक मान्यता प्राप्ति के लिए आवश्यक दस्तावेजों व प्रक्रिया के प्रति सजगता बरतने पर जोर दिया। स्मार्ट कक्षाओं के प्रभावी संचालन के लिए तकनीकी प्रशिक्षण की आवश्यकता को भी रेखांकित किया। सभी प्राचार्यों ने अपने महाविद्यालय की स्थिति व योजनाओं के बारे में चर्चा की। उच्च शिक्षा को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए अपने सुझाव प्रस्तुत किए।