मुरथल। गांव मच्छरौला के पास यमुना किनारे एक व्यक्ति का शव मिला है। व्यक्ति की गर्दन व चेहरे पर चोट के निशान है। आशंका है कि हत्या करने के बाद शव को खुर्द-बुर्द करने के लिए यमुना में फेंका गया था, लेकिन वह बहकर किनारे पर आ गया। जिस पर यमुना में खनन करने वाली कंपनी के इंचार्ज ने शव को देखकर पुलिस को अवगत कराया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। साथ ही अज्ञात के खिलाफ हत्या व शव को खुर्द-बुर्द करने का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
रोहतक के गांव मदीना निवासी सुमित ने मुरथल थाना पुलिस को बताया कि वह यमुना में खनन करने वाली कंपनी का इंचार्ज है। सोमवार को करीब 11 बजे वह यमुना घाट के पास घूम रहे थे। इसी दौरान उन्हें यमुना के किनारे मच्छरौला गांव के पास एक व्यक्ति का शव पड़ा दिखाई दिया। उन्होंने पास जाकर देखा तो उसके गले व चेहरे पर चोट के निशान मिले। उसकी हत्या कर शव को खुर्द-बुर्द करने व सुबूत मिटाने के लिए यमुना में फेंका गया था। उसने मामले से पुलिस को अवगत कराया। सूचना के बाद पहुंची मुरथल थाना पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की, लेकिन शव की पहचान नहीं हो सकी। जिस पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। मुरथल थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुखबीर सिंह ने बताया कि व्यक्ति की उम्र करीब 40 वर्ष लग रही है। उसने फौजी रंग की पेंट व काली चेकदार कमीज पहन रखी है।
वर्जन
यमुना में हत्या के बाद फेंका गया शव मिला है। हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसकी पहचान का प्रयास शुरू कर दिया है। जल्द पहचान करने के साथ ही उसके हमलावरों के बारे में जानकारी जुटाकर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
- इंस्पेक्टर सुखबीर सिंह, थाना प्रभारी, मुरथल