राई औद्योगिक क्षेत्र में शव मिलने के बाद पहुंची राई थाना व एफएसएल की टीम।
- फोटो : Sonipat
राई। औद्योगिक क्षेत्र की ग्रीन बेल्ट में युवक का बोरे में बंद क्षत-विक्षत शव मिला है। युवक के सिर में चोट के निशान हैं। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। साथ ही एफएसएल की टीम बुलाकर सुबूत भी जुटाए हैं। शव की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। शक है कि किसी अन्य स्थान पर युवक की हत्या करने के बाद शव को खुर्द-बुर्द करने के लिए यहां फेंका गया है। अज्ञात के खिलाफ हत्या व शव के खुर्द बुर्द करने का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
मंगलवार दोपहर बाद पुुलिस को सूचना मिली कि राई औद्योगिक क्षेत्र में जीटी रोड के पास एथनिक इंडिया रिसार्ट के निकट बोरे में किसी का शव पड़ा है। सूचना मिलते ही राई थाना प्रभारी अनिल कुमार, एसआई रणबीर और एएसआई मुकेश कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। गांव कुमासपुर निवासी मंजीत ने पुलिस को सूचित किया था। पुलिस ने देखा कि युवक का शव पहले बोरी और उसके बाद सफेद रंग के प्लास्टिक के कट्टे में बंद कर फेंका गया है। शव क्षत-विक्षत है और उसमें से बदबू आ रही थी। पुलिस ने मौके पर एफएसएल की टीम को बुलाकर और सबूत जुटाए। उसके बाद शव को सामान्य अस्पताल में भिजवा दिया। पुलिस जांच में युवक की उम्र करीब 30 वर्ष लग रही है। उसने नीले रंग की जींस, नीली कमीज व सफेद बनियान पहन रखा था। पुलिस उसकी शनाख्त का प्रयास कर रही है। पुलिस ने मामले में मंजीत के बयान पर अज्ञात के खिलाफ हत्या व शव को खुर्द-बुर्द करने का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
दूसरे स्थान पर हत्या कर यहां फेेंकने का शक
पुलिस को शक है कि हमलावरों ने किसी अन्य स्थान पर हत्या करने के बाद यहां पर खुर्द-बुर्द करने के लिए शव को फेंक दिया है। शव दो बोरों में लिपटा मिला है। जहां शव मिला है वह स्थान हाईवे से चंद कदम की दूरी पर है। औद्योगिक क्षेत्र से गेट से कुछ आगे ग्रीन पट्टी में शव को फेंका गया है। एएसआई मनोज कुमार ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। शव पहले बोरे व बाद में प्लास्टिक के कट्टे में डाला गया है।
--
राई औद्योगिक क्षेत्र में बोरे व कट्टे में बंद कर फेंका गया शव मिला है। उसकी कही अन्य स्थान पर हत्या की गई है। मुकदमा दर्ज कर पहचान के लिए प्रयास किया जा रहा है। जल्द मामले का पटाक्षेप किया जाएगा।
-अनिल कुमार, थाना प्रभारी राई।