राई। गांव बढ़खालसा पशु अस्पताल में भरे बारिश के पानी में शनिवार सुबह एक युवक का शव क्षत-विक्षत अवस्था में मिला है। आशंका है कि उसकी डूबने से मौत हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत के कारणों का पता लग सकेगा। ंग्रामीणों का आरोप है बारिश के बाद से जोहड़ ओवरफ्लो होकर पानी गांव की गली व पशु अस्पताल में घुसा हुआ है।
गांव बढ़खालसा के पशु अस्पताल के कमरे में एक युवक का शव पड़ा देखकर लोगों ने पुलिस को अवगत कराया। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। युवक की उम्र करीब 24-25 साल है। युवक की मौत गंदे पानी में डूबने से हुई है। पुलिस ने तीन फुट भरे पानी से युवक का शव बाहर निकाला। अभी शव की पहचान नहीं हुई है। युवक के एक हाथ पर त्रिशुल व डमरू छपा हुआ है। एक हाथ पर ओम लिखा हुआ है। युवक की जेब से एक पर्ची मिली है। जिस पर नरसिम्हा लिखा हुआ है। युवक ने एक लोवर पहन रखी है और इसी लोवर पर बेल्ट लगाई हुई है। ग्रामीणों ने बताया कि 19 जुलाई को तेज बारिश आई थी। उन्हें आशंका है कि मानसिक रूप से परेशान युवक पशु अस्पताल में घुस गया होगा और इसके बाद पानी में डूब गया। पुलिस का कहना है कि ऐसा लग रहा है कि युवक की मौत 4-5 दिन पहले हुई थी। मौत के कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगी। पुलिस ने शव के पहचान के लिए सोनीपत के सामान्य अस्पताल में भेज दिया है।
वहीं ओवरफ्लो जोहड़ को लेकर ग्रामीणों ने रोष जताया है। उनका कहना है कि गांव में पानी निकासी का कोई प्रबंध नहीं है। जिससे पानी गांव की गलियों में भरा हुआ है। पशु अस्पताल में भी बारिश से ओवरफ्लो हुए जोहड़ का पानी भरा है। गांव में 19 जुलाई को आई बारिश का पानी घर में घुसने से एक प्रवासी युवक की करंट लगने से मौत हो गई थी। अब एक अन्य युवक का शव मिला है।