सोनीपत में विदेशी युवती और दिल्ली के युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। दोनों की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है। जानकारी के अनुसार युवक और युवती मेरा गांव मेरा देश रिसॉर्ट में देर रात आकर ठहरे थे।
सोनीपत के गांव कामी स्थित मेरा गांव मेरा देश रिजॉर्ट में उज्बेकिस्तान की युवती व दिल्ली के युवक का शव संदिग्ध अवस्था में मिला है। दोनों के शव रूम नंबर 14 में अर्धनग्न अवस्था में मिले हैं। सुबह कर्मियों ने दोनों के शवों को देखकर पुलिस को अवगत कराया। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने मामले से युवक के परिजनों को अवगत कराया है। साथ ही युवती के परिजनों को बुलाने के लिए एंबेसी में संपर्क किया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत के कारणों का पता लग सकेगा।
विज्ञापन
कामी के पास स्थित रिजॉर्ट मेरा गांव मेरा देश में रविवार रात साढ़े 8 बजे एक युवक-युवती ने कमरा बुक कराया था। सुबह दोनों कमरे में मृत अवस्था में मिले। युवक का शव बाथरूम के बाहर पड़ा था और युवती बैड पर थी। दोनों अर्धनग्न अवस्था में मिले हैं। कर्मियों ने शवों को देखकर मामले से पुलिस को अवगत कराया।
पुलिस ने जांच की तो युवती का पासपोर्ट मिला है। जिसमें उसकी पहचान उज्बेकिस्तान की रहने वाली अब्दुलेव्या मखलियो व युवक की पहचान दिल्ली के अशोक विहार निवासी हिमांशु के रूप में हुई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल में भिजवा दिया है। युवक के परिजन अस्पताल में पहुंचे हैं। हालांकि वह कुछ बताने से इंकार कर रहे हैं। युवती के लिए एंबेसी में संपर्क किया गया है।