गोहाना। पुरानी अनाज मंडी क्षेत्र में रविवार सुबह सरेआम तीन नकाबपोश बदमाशों ने जलेबी विक्रेता मातूराम की दुकान पर अंधाधुंध गोलियां बरसा दीं। इस दौरान ताबड़तोड़ 37 गोलियां चलाई गईं। गोली लगने से दूध विक्रेता घायल हो गया। उसके बाद बदमाशों ने पुरानी अनाज मंडी में अग्रसेन चौक के पास फिर से पांच गोलियां चलाई और भाग निकले। पुलिस आयुक्त बी सतीश बालन व डीसीपी भारती डबास दुकान पर पहुंचे और जानकारी ली। दुकानदारों ने ठोस कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं घायल की शिकायत पर हत्या की कोशिश का मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुरानी अनाज मंडी के निकट शिव चौक के सामने नीरज गुप्ता अपने भाई रमन गुप्ता के साथ मिलकर मातूराम हलवाई के नाम से मिठाई की दुकान चलाते हैं। उनकी जलेबियां देशभर में मशहूर हैं। रविवार सुबह पौने 11 बजे दोनों भाई दुकान पर थे। उनके हलवाई व अन्य कारिंदे काम में लगे थे। सर्दी का मौसम होने के कारण दुकान पर काफी ग्राहक भी आए थे। इसी दौरान बाइक पर सवार तीन युवक वहां पर पहुंचे। उन्होंने चेहरे पर नकाब लगा रखे थे। तीनों ने बाइक से उतरते ही पिस्तौल निकालकर ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दीं। दुकान की तरफ सीधे फायर करने के साथ ही हवा में भी गोली चलाकर दहशत भी फैलाने का प्रयास किया। गोलियां दुकान के अंदर काउंटर, शीशे व बर्तनों पर जाकर लगी। इसी दौरान दूध लेकर बेचने आए गांव माहरा निवासी बिजेंद्र गोली लगने से घायल हो गए। एक बदमाश काउंटर के निकट आया और कागज का टुकड़ा फेंक कर भाग गया। दुकान के आगे करीब 37 गोलियां चलाई गई हैं। यहां भाग रहे युवकों ने कुछ आगे जाकर अग्रसेन चौक के पास भी चार-पांच गोलिया चलाईं। इतना ही नहीं घटना के बाद करीब सवा दो बजे रमन गुप्ता के व्हाट्सएप पर कॉल की गई है।
गैंग की तरफ से सोशल मीडिया पर पोस्ट डाली गई, फिर हटाई
बताया जा रहा है कि गोलियां चलाने के बाद बदमाशों ने दुकान के बाहर एक पर्ची फेंकी है। उसमें रंगदारी मांगने की बात सामने आई। पर्ची में लिखा गया था कि दो करोड़ रुपये तैयार कर लो नहीं तो कोई दुकान चलाने वाला नहीं रहेगा। उसमें एक गैंग का जिक्र भी है। साथ ही बताया गया है कि गैंग की तरफ से सोशल मीडिया पर पोस्ट डाली गई थी, जिसे बाद में हटा दिया गया। हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हो सकी।
13 जुलाई, 2017 को भी हो चुकी फायरिंग, मांगे थे 50-50 लाख
मातूराम राजेंद्र कुमार फर्म के बाहर 13 जुलाई, 2017 को फायरिंग कर 50-50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। तब पुलिस ने कई आरोपियों को पकड़ा था। तब दुकान के बाहर पत्र फेंक कर रंगदारी मांगी गई थी। अब फिर से साढ़े छह साल बाद फायरिंग की गई है।
वर्जन
गोहाना में मातूराम मिष्ठान भंडार के बाहर गोलियां चलाई गई हैं। मामले में नौ टीम बना दी है। हमलावरों की पहचान कर ली गई है। पुलिस की आठ टीमों के साथ एसटीएफ की एक टीम उनकी तलाश में लगी है। अभी रंगदारी मांगने की कोई शिकायत नहीं आई है।
बी सतीश बालन, पुलिस आयुक्त सोनीपत
सोनीपत के गोहाना में मातूराम मिष्ठान भंडार पर फायरिंग की घटना के बाद काउंटर में गोली लगने के ब