अनिल का फाइल फोटो, युवक की हत्या के मामले में नागरिक अस्पताल में शव लेने पहुंचे परिजन। पुलिस की गिरफ्त में हत्या का आरोपी, साथ में मामले की जानकारी देतीं एएसपी निकिता खट्टर।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
हरियाणा के सोनीपत जिले के गोहाना कस्बे के गांव चिड़ाना में शराब के रुपयों के लेन-देन की रंजिश में एक मजदूर ने अपने ही दोस्त की ईंट से हमला कर हत्या कर दी। सदर थाना की मुंडलाना चौकी पुलिस ने शव गांव स्थित एक फैक्टरी के सामने खेतों में पड़ा मिला। पुलिस ने शव को नागरिक अस्पताल में पहुंचाया और परिजनों को सूचना दी। इसके बाद युवक के पिता के बयान पर मृतक के दोस्त के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया। साथ ही पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
विज्ञापन
मुंडलाना चौकी पुलिस को मंगलवार रात को सूचना मिली थी कि गांव चिड़ाना में एक फैक्टरी के सामने खेत में युवक का शव पड़ा हुआ है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस जांच में शव की पहचान गन्नौर क्षेत्र के गांव बाय निवासी अनिल (26) के रूप में हुई।
इस पर पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। गोहाना पहुंचे मृतक के पिता ने पानीपत के तहसील कैंप निवासी मनोज पर अनिल की हत्या करने का आरोप लगाया। इस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के बाद बुधवार को नागरिक अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया। पुलिस ने आरोपी मनोज को गिरफ्तार कर लिया है।
विज्ञापन
नौकरी पाने के लिए गांव चिड़ाना आया था अनिल
परिजनों के अनुसार, अनिल कई महीने पहले गांव चिड़ाना स्थित एक फैक्टरी में मजदूरी करता था। बाद में उसने नौकरी छोड़ दी थी। अब फिर वह नौकरी की तलाश में घूम रहा था। परिजनों ने बताया कि वह तीन-चार दिन पहले नौकरी की तलाश में घर से गांव चिड़ाना आया था। यहां वह अपने दोस्त के पास रुका, जिसने उसकी हत्या कर दी।
शराब पीने के दौरान हुई थी कहासुनी
आरोपी मनोज ने पुलिस पूछताछ में बताया कि उसने व अनिल ने पहले भी कई बार इकट्ठे बैठकर शराब पी। इस दौरान शराब के रुपयों को लेकर उसकी अनिल से कहासुनी के साथ झगड़ा हो गया था। इसी रंजिश में उसने मंगलवार रात को अनिल के सिर पर ईंट मारकर उसकी हत्या कर दी।
गांव चिड़ाना में एक युवक का शव मिला था। युवक के पिता ने बेटे की हत्या का आरोप उसके दोस्त पर लगाया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने शराब के रुपयों को लेकर हुई कहासुनी व झगड़े की रंजिश में अनिल की हत्या करना स्वीकार किया है। पुलिस आरोपी को वीरवार को न्यायालय में पेश करके रिमांड पर लेगी। - निकिता खट्टर, एएसपी गोहाना