हरियाणा के सोनीपत जिले के गांव भठगांव में घरेलू कलह के चलते महिला ने अपने बेटा-बेटी के साथ तालाब में छलांग लगा दी। जिससे चार साल के बेटे की मौत हो गई। ग्रामीणों ने मां-बेटी को बचा लिया है।
महिला के पति ने सदर थाना पुलिस को शिकायत देकर पत्नी के खिलाफ बेटे की हत्या व बेटी की हत्या की कोशिश का आरोप लगाकर मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया।
वहीं महिला ने ससुराल पक्ष के खिलाफ प्रताड़ना की शिकायत देते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने इसे लेकर पुलिस महानिदेशक व थाना प्रभारी को शिकायत लिखी है। पुलिस का कहना है कि महिला की शिकायत पर जांच की जाएगी।
गांव भठगांव निवासी कुलदीप ने सदर थाना पुलिस को बताया कि तड़के करीब साढ़े चार बजे उनकी पत्नी सुमन, बेटे आदित्य (4) व बेटी नैना (7) को लेकर घर से निकल गई। उसने गांव के तालाब में बेटा-बेटी को फेंकने के बाद खुद बी कूद गई। उसे ऐसा करते हुए ग्रामीणों ने देख लिया। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद सुमन और नैना को बाहर निकाल लिया।
बेटे आदित्य को जब तक बाहर निकाला गया तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मामले की सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। सुमन व नैना को नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आदित्य के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। कुलदीप ने मामले में सुमन के खिलाफ बेटे आदित्य की हत्या और बेटी नैना की हत्या की कोशिश का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस टीम मामले की जांच कर रही है।
ग्रामीण बोले-बच्चों का दाखिला बेहतर स्कूल में लेकर विवाद हुआ
ग्रामीणों ने बताया कि सीमा और उसके पति में विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि सुमन बच्चों का दाखिला बेहतर विद्यालय में कराना चाहती थी, जबकि कुलदीप दूसरे स्कूल में दाखिला कराने की बात कह रहा था। उनमें पहले भी अक्सर घरेलू कलह रहती थी। हालांकि किसी को यह नहीं पता था कि नौबत यहां तक आ जाएगी।
महिला ने ससुराल पक्ष पर लगाया आरोप
सुमन ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उसने पुलिस महानिदेशक के नाम पर लिखी शिकायत में कहा कि उसकी शादी वर्ष 2009 में हुई थी। उसके मायके वाले मूलरूप से पानीपत के रहने वाले हैं और अब देवडू रोड सोनीपत में रहते हैं। ससुराल पक्ष के लोग लगातार प्रताड़ित कर रहे थे। वह दहेज में आभूषण और नकदी ला चुकी थी।
अब बेटी को स्कूल में दाखिला कराने के लिए मायके से 20 हजार रुपये लेकर आने का दबाव बनाया जा रहा था। शुक्रवार तड़के उसे पता लगा कि ससुराल पक्ष के लोग उसे मारने का षड्यंत्र रच रहे हैं। जिस पर वह तालाब की तरफ भाग गई। बच्चे भी पीछे भाग आए। उसने तालाब में छलांग लगाई तो उसके बच्चों को तालाब में फेंक दिया गया। उसने पहले बेटी को बचाया, लेकिन बेटा नहीं मिला। ग्रामीणों ने उन्हें बाहर निकाला।
गांव भठगांव में महिला के बच्चों सहित तालाब में कूदने की जानकारी मिली थी। मौके पर पहुंचे तो महिला व उसकी बेटी को बचाकर निकाल लिया गया था। बेटे की मौत हो चुकी थी। महिला के पति कुलदीप ने पत्नी सुमन के खिलाफ बेटे की हत्या व बेटी की हत्या की कोशिश का आरोप लगाया है। मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। महिला पक्ष की तरफ से भी शिकायत मिली है, जिसकी जांच की जाएगी।
-इंस्पेक्टर दिलबाग सिंह, थाना प्रभारी सदर सोनीपत