सोनीपत में दो बम धमाके करने के आरोपी आतंकी अब्दुल करीम टुंडा के खिलाफ होने वाली सुनवाई के दौरान सोमवार को कोई गवाह नहीं पहुंच सका। इस कारण सुनवाई टाल दी गई। अब अगली सुनवाई सात फरवरी को होगी। टुंडा वर्ष 1996 में सोनीपत में हुए सीरियल बम ब्लास्ट का आरोपी है। कोर्ट में इसी मामले में टुंडा के खिलाफ गवाही चल रही है। टुंडा के खिलाफ अब तक 38 गवाही हो चुकी हैं। उसके खिलाफ कुल 55 गवाही होनी हैं।
अब्दुल करीम टुंडा पर सोनीपत में 28 दिसंबर, 1996 को बम ब्लास्ट करने का आरोप है। घटना की शाम पहला धमाका बस स्टैंड के पास स्थित तराना सिनेमा के निकट व दूसरा धमाका गीता भवन चौक स्थित गुलशन मिष्ठान भंडार के पास हुआ था। धमाके में करीब एक दर्जन लोग घायल हुए थे। इसी मामले में सोमवार को अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश डॉ. सुशील गर्ग की अदालत में वीडियो कांफ्रेसिंग से पेशी हुई। टुंडा के अधिवक्ता आशीष वत्स ने बताया कि इस मामले में अब तक 38 गवाही हो चुकी हैं। एक गवाह की मौत हो गई। सोमवार को दो गवाहों को बुलाया गया था, लेकिन कोई भी नहीं पहुंच सका। इससे पहले नौ जनवरी को भी गवाह नहीं पहुंचने के कारण सुनवाई टाल दी गई थी।