अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए पहुंचे परिजन।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी।
हरियाणा के सोनीपत में गोहाना कस्बे में गोहाना-जुलाना रोड स्थित गांव खानपुर खुर्द के पास बलेनो कार की टक्कर से बाइक सवार दंपती व छोटे भाई की पत्नी की मौत हो गई। हादसे में बेलेनो सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई, जिससे चालक घायल हो गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने बलेनो चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गांव खानपुर खुर्द निवासी अजमेर ने पुलिस को बताया कि उसका बड़ा भाई जसमेर (40) पानीपत स्थित निजी कंपनी में नौकरी करता था। वह और उसकी पत्नी राखी (32) और जसमेर की पत्नी अनीता (34) मजदूरी का काम करते हैं। वह, अनीता और राखी शुक्रवार को गोहाना एक जागरण कार्यक्रम में काम करने गए थे। पानीपत से बाइक पर लौटते समय जसमेर उन्हें लेने गोहाना पहुंच गया।
इस पर रात को जसमेर की बाइक पर अनीता और राखी सवार हो गई। वह गांव के लिए चल पड़े। वह भी गांव के एक व्यक्ति की बाइक पर लिफ्ट लेकर उनके पीछे चलने लगा। अजमेर ने बताया कि रात को उसका भाई जसमेर, राखी और अनीता गांव के पास रजवाहे के निकट पहुंचे तो एक बेलेनो कार सवार ने उसके भाई की बाइक को सामने से टक्कर मार दी।
हादसे में जसमेर के साथ अनीता व राखी भी घायल हो गए। इसी बीच एक बोलेरो गाड़ी भी बलेनो से टकरा गई। इससे बलेनो सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई और उसका चालक घायल हो गया। उसने तुरंत जसमेर, अनीता और राखी को नागरिक अस्पताल गोहाना पहुंचाया, जहां तीनों को मृत घोषित कर दिया गया। शहर थाना गोहाना प्रभारी इंस्पेक्टर बदन सिंह की टीम ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर शनिवार को पोस्टमार्टम कराया। पुलिस ने अजमेर के बयान पर बलेनो कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गांव खानपुर खुर्द के पास हादसे में दंपती व उनके परिवार की महिला की मौत हो गई। पुलिस ने बलेनो चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। हादसे में बलेनो चालक भी घायल है। - इंस्पेक्टर बदन सिंह, थाना प्रभारी, सिटी गोहाना