सीसीटीवी की फुटेज मांगी तो बोले कैमरा खराब है
संदीप के चाचा आनंद ने बताया कि वे बठिंडा एक्सप्रेस के समय रेलवे स्टेशन पर पहुंचे थे। ट्रेन में रोजाना सफर करने वाले यात्रियों से पूछा तो कई यात्रियों ने ट्रेन में संदीप से 4-5 युवकों द्वारा झगड़ा करने की बात कही थी। एक यात्री ने कहा कि इसकी सूचना ट्रेन के गार्ड को भी दी थी। इसकी रिकॉर्डिंग सीसीटीवी कैमरे में भी मिलेगी। आनंद ने बताया कि उन्होंने जीआरपी थाने में जब सीसीटीवी फुटेज दिखाने को कहा तो जीआरपी कर्मचारियों ने कहा कि कैमरा एक सप्ताह से खराब है।
यह है मामला
गढ़ी घसीटा निवासी संदीप (26) रेलवे मेें प्वाइंट्समैन के पद पर कार्यरत थे। उसकी ड्यूटी दिल्ली में थी। 30 जून को संदीप अपनी ड्यूटी के बाद 14507 बठिंडा एक्सप्रेस से सोनीपत आ रहे थे। ट्रेन दोपहर करीब सवा दो बजे रेलवे स्टेशन पर पहुंची थी। ट्रेन के सोनीपत स्टेशन पर पहुंचने से पहले ही रेलवे यार्ड के पास संदीप चलती ट्रेन से गिर गए। जीआरपी अधिकारियों का कहना है कि उन्हें शाम करीब 7 बजे सूचना मिली थी। घटनास्थल पर पहुंचे तो एक युवक रेलवे लाइन किनारे मृत पड़ा था। इसकी पहचान संदीप निवासी गढ़ी घसीटा के रूप में हुई। 1 जुलाई को पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया था।
गढ़ी घसीटा निवासी रेलवेकर्मी संदीप की ट्रेन से गिरकर मौत हो गई थी। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया था। इस मामले में अब परिजन आरोप लगा रहे हैं कि संदीप का ट्रेन में कुछ युवकों के साथ झगड़ा हुआ था। उन्होंने संदीप को धक्का देकर गिराया है, जिससे उसकी मौत हुई है। मामले की तफ्तीश की जा रही है। परिजनों की शिकायत के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। - राजेंद्र सिंह, प्रभारी, जीआरपी, सोनीपत